हमीरपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां ड्यूटी से लौट रही पुलिस जीप एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में जीप में सवार एक होमगार्ड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना हमीरपुर जिले के जरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चुरहा गांव के पास की है। जानकारी के अनुसार चिकासी थाने की पुलिस टीम राठ से एक युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर वापस चिकासी लौट रही थी। पुलिस जीप जैसे ही चुरहा मोड़ के पास पहुंची, तभी अचानक सामने एक बाइक सवार आ गया।
बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पुलिस जीप का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि जीप में सवार 55 वर्षीय होमगार्ड बृजेंद्र कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं जीप चला रहे उपनिरीक्षक मोहित देव गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल दरोगा को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतक होमगार्ड बृजेंद्र कुमार की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस विभाग में भी शोक का माहौल है। साथी कर्मियों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित जवान बताया।
“पुलिस टीम ड्यूटी से लौट रही थी। चुरहा मोड़ के पास बाइक सवार को बचाने के प्रयास में जीप पलट गई। हादसे में एक होमगार्ड की मृत्यु हुई है और एक दरोगा घायल हैं। मामले की जांच कराई जा रही है।”
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब सवाल यह है कि ड्यूटी निभाते वक्त जान गंवाने वाले होमगार्ड के परिवार को क्या न्याय और उचित सहायता मिल पाएगी?
और क्या ऐसे हादसों से बचने के लिए पुलिस वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क प्रबंधन पर कोई ठोस कदम उठाए जाएंगे?
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal