Saturday , January 31 2026

Acid Attack-कन्नौज में कबाड़ बीन रहे 10 वर्षीय मासूम पर तेजाब हमला, इलाके में आक्रोश

कन्नौज से इस वक्त एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। हैवानियत की सारी हदें उस वक्त पार हो गईं, जब पेट पालने के लिए कबाड़ बीन रहे एक 10 साल के मासूम बच्चे पर तेजाब से हमला कर दिया गया। दरिंदों ने न सिर्फ मासूम के चेहरे पर तेजाब उड़ेला, बल्कि उसे दर्द से तड़पता छोड़कर मौके से फरार हो गए। इस अमानवीय हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत, आक्रोश और तनाव का माहौल है।

यह दिल दहला देने वाली घटना कन्नौज जनपद के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र से सामने आई है। मोहल्ला गांधीनगर निवासी सोनू नट का 10 वर्षीय पुत्र बाबू, आज सुबह करीब 11 बजे अपने साथी अभिषेक नट के साथ कबाड़ बीनने कस्बा समधन के मोहल्ला दारासराय गया था। दोनों बच्चे रोज की तरह कबाड़ बीनकर अपने परिवार का पेट पालने निकले थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि वहां उनका सामना दरिंदगी से होने वाला है।

बताया जा रहा है कि उसी दौरान चार युवक अचानक वहां पहुंचे और बिना किसी विवाद या चेतावनी के मासूम बाबू के चेहरे पर तेजाब उड़ेल दिया। तेजाब पड़ते ही बच्चा दर्द से चीखने-चिल्लाने लगा। उसका चेहरा और शरीर बुरी तरह झुलस गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। मासूम की चीखें सुनकर आसपास के लोग सहम गए।

घटना के वक्त डर के कारण बाबू का साथी अभिषेक मौके से भाग गया, लेकिन कुछ देर बाद हिम्मत जुटाकर वह वापस लौटा। उसने गंभीर रूप से झुलसे बाबू को टेंपो में बैठाया और सीधे गुरसहायगंज कोतवाली पहुंचाया। बच्चे की हालत देखकर पुलिस भी सन्न रह गई। आनन-फानन में घायल मासूम को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली परिसर में महिलाओं, परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों का गुस्सा इस कदर था कि माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों का आरोप है कि उनके बच्चे को जान से मारने की नीयत से उस पर तेजाब डाला गया। इस जघन्य वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

घायल बाबू ने होश में आने के बाद पुलिस को बताया कि अगर हमलावर सामने आए तो वह उनकी पहचान कर सकता है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस अमानवीय कृत्य को अंजाम देने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

“हमारा बच्चा कबाड़ बीनने गया था… अचानक कुछ लोगों ने उस पर तेजाब डाल दिया। हम गरीब हैं साहब, लेकिन हमें इंसाफ चाहिए। जो भी दोषी हैं, उन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए।”

एक तरफ सरकार बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रही हैं। अब देखना होगा कि कन्नौज पुलिस इस मासूम को इंसाफ दिलाने में कितनी जल्दी और कितनी सख्ती दिखाती है।

Check Also

School Van Accident-लखीमपुर खीरी में बड़ा हादसा, ओवरलोड गन्ना ट्रक स्कूल वैन पर पलटा

जनपद लखीमपुर खीरी में परिवहन विभाग की लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है, …