
उरई में सड़क सुरक्षा माह के तहत परिवहन विभाग ने नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। जनपद जालौन में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़े पैमाने पर चेकिंग अभियान चलाया गया। उप परिवहन आयुक्त परिक्षेत्र झांसी के.डी. सिंह गौर ने औचक दौरा कर प्रवर्तन टीमों के साथ एट टोल प्लाजा के पास सघन वाहन चेकिंग कराई, जिसमें यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर जमकर कार्रवाई की गई।
सड़क सुरक्षा माह के सातवें दिन उप परिवहन आयुक्त के.डी. सिंह गौर के अचानक निरीक्षण से परिवहन विभाग में हड़कंप मच गया। उनके नेतृत्व में एट टोल प्लाजा के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां दोपहिया, चारपहिया और व्यावसायिक वाहनों की गहन जांच की गई।
चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों, शराब के नशे में वाहन चलाने (ड्रंकन ड्राइविंग), बिना रिफ्लेक्टर और मानक सुरक्षा उपायों के दौड़ रहे वाहनों पर विशेष सख्ती बरती गई। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 116 वाहनों के चालान किए गए, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
उप परिवहन आयुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा माह केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि आम जनता में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और अनुशासन लाने का माध्यम बने। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नियमों का पालन बेहद जरूरी है और लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी दौरान जनपद उरई में सैनिक कल्याण बोर्ड से आए 7 भूतपूर्व सैनिकों ने प्रवर्तन सिपाही के रूप में ज्वाइन किया। उप परिवहन आयुक्त के.डी. सिंह गौर ने नव-नियुक्त प्रवर्तन सिपाहियों से मुलाकात कर उन्हें ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुशासन और अनुभव सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करेगा।
परिवहन विभाग ने संकेत दिए हैं कि सड़क सुरक्षा माह के तहत ऐसे चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया जा सके।




