Tuesday , April 28 2026

‘सारिपोधा सानिवारम’ का पहला गाना ‘गरम गरम’ रिलीज

नानी की नई फिल्म ‘सारिपोधा सानिवारम’ का पहला गाना रिलीज हो चुका है। इस गाने को विशाल ददलानी ने गाया है।

दक्षिण भारतीय अभिनेता नानी इन दिनों अपनी फिल्म ‘सारिपोधा सानिवारम’ को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। फिल्म निर्माताओं ने अपने वादे के मुताबिक फिल्म का पहला गाना आज रिलीज कर दिया है। इस गाने का नाम ‘गरम गरम’ है। यूट्यूब पर रिलीज होने के बाद पहले एक घंटे में एक लाख से ज्यादा लोग इसे सुन चुके हैं।

विशाल ददलानी ने गाया और सनपति भारद्वाज ने लिखे बोल
‘गरम गरम’ का संगीत जेक्स बिजॉय ने तैयार किया है। इसके बोल सनपति भारद्वाज ने लिखे हैं। विशाल ददलानी ने इसे अपनी दमदार आवाज में गाया है। बता दें कि ‘सारिपोधा सानिवारम’ में नेचुरल स्टार नानी के साथ-साथ प्रियंका मोहन भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इन दोनों के अलावा एसजे सूर्या और साई कुमार भी अहम भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे। यह एक एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसे देखने के लिए नानी के फैंस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।

एक बार फिर साथ में काम कर रहे हैं विवेक अथरेया और नानी
‘सारिपोधा सानिवारम’ का निर्देशन विवेक अथरेया ने किया है, जिन्होंने इससे पहले नानी की ही फिल्म ‘अंते सुंदरानिकी’ को भी डायरेक्ट किया था। यह एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म थी। ‘सारिपोधा सानिवारम’ का निर्माण डीवीवी एंटरटेनमेंट और श्री वेंकटेश्वर क्रिएशंस द्वारा किया गया है। फिल्म को 29 अगस्त 2024 को सिनेमाघरों में उतारा जाएगा। इसे कई भाषाओं में रिलीज किया जाएगा।

हिट साबित हुई थी नानी की पिछली फिल्म ‘हाय नन्ना’
नानी की पिछली फिल्म ‘हाय नन्ना’ थी, जिसमें अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने भी अभिनय किया था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कारोबार किया था। यह एक इमोशनल फैमिली ड्राम फिल्म है। इसकी कहानी पिता और बेटी के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें नानी ने पिता की भूमिका निभाई है। फिल्म का निर्देशन शौरयुव ने किया है। फिल्म इन दिनों नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।

Check Also

OTT Friday Releases : इस हफ्ते OTT पर आ रही हैं धमाकेदार फिल्में और रोमांचक सीरीज

Friday OTT Release 24 April: इस वीकेंड घर बैठे मिलेगा एंटरटेनमेंट का फुल डोज, जानिए …