Sunday , March 22 2026

शरद यादव का फोर्टिस अस्पताल में हुआ निधन, राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि व पीएम मोदी ने जताया दुख

जनता दल यूनाइटेड के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव (Sharad Yadav) का गुरुवार रात गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया। वो 75 वर्ष के थे और काफी समय से गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थे। सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शरद यादव के निधन की जानकारी उनकी बेटी सुभाषिनी यादव ने फेसबुक पेज पर दी।

आपातकाल के दौरान गए जेल

शरद यादव ने जयप्रकाश नारायण से लेकर, चौधरी चरण सिंह, राजीव गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी के साथ भी लंबे समय तक राजनीति की। शरद यादव कुल सात बार लोकसभा सांसद चुने गए और तीन बार राज्यसभा सांसद बने। देश में आपातकाल के दौरान वो जेल भी गए थे। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई शख्सियतों ने शोक जताया है।

राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और जदयू नेता शरद यादव को श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी ने कहा, ”मैंने शरद यादव जी से राजनीति के बारे में बहुत कुछ सीखा है, वह आज हमारे बीच नहीं रहें तो काफी दुख हो रहा है। उन्होंने कभी अपना सम्मान नहीं खोया क्योंकि राजनीति में सम्मान खोना बहुत आसान होता है।”

परिजनों ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व केंद्रीय मंत्री और जदयू नेता शरद यादव के परिजनों ने छतरपुर स्थित उनके आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शरद यादव के निधन पर दुख जताया। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘शरद यादव जी के निधन से बहुत दुख हुआ। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। वे डॉ लोहिया के आदर्शों से काफी प्रभावित थे। मैं हमेशा हमारी बातचीत को संजो कर रखूंगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।’

Check Also

public distribution system India-बहराइच में कोटेदार पर घटतौली का आरोप, ग्रामीणों ने की शिकायत

बहराइच में कोटेदार पर घटतौली का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश बहराइच जिले के नानपारा तहसील …