Saturday , March 21 2026

वृद्धा की नोकदार हथियार से बेरहमी से हत्या, भतीजे पर लगा आरोप

मोहम्मदाबाद फर्रुखाबाद

मोहम्मदाबाद कोतवाली जवाहर नगर रोहिल्ला में सोमवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात में 65 वर्षीय वृद्धा मीना देवी की धारदार नोकदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका के पति जसवीर उर्फ बाल गोविंद ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची।जानकारी के अनुसार, रविवार रात्रि मोहल्ले में एक व्यक्ति का देहांत हो जाने के कारण जसवीर वहीं गया हुआ था। देर रात लौटने के बाद वह छत पर लेट गया, जबकि मीना देवी कमरे में सो रही थीं। सुबह करीब 6 बजे मृतका की पुत्री रश्मि जब अपनी चाची बबलेश के साथ दूसरे मकान से बकरी देखने आई, तो मुख्य दरवाजा बंद और कमरे का दरवाजा खुला मिला। आवाज लगाने पर पिता जसवीर की आंख खुली, जो छत से उतरकर नीचे आए और दरवाजा खोला तो पत्नी को लहुलुहान अवस्था में मृत पाया।पुत्री रश्मि ने आरोप लगाया कि उनके पारिवारिक ताऊ राम प्रताप सिंह का बेटा आदित्य उर्फ संकी रात में दीवार फांदकर आया और धारदार हथियार से बार-बार गर्दन पर वार कर उनकी मां की हत्या कर दी। रश्मि के अनुसार आरोपी पूर्व में भी मीना देवी के साथ मारपीट कर चुका था, लेकिन पारिवारिक संबंधों के कारण उसे माफ कर दिया गया था।सूचना पर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आला अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। मौके पर क्षेत्राधिकारी राजेश द्विवेदी व एडिशनल एसपी डॉ. संजय कुमार भी पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने रश्मि के बयान के आधार पर आदित्य उर्फ संकी पुत्र राम प्रताप सिंह व राहुल पुत्र नरेंद्र निवासी गढ़ कबीर नगर के खिलाफ नामजद तहरीर दर्ज की है।
पुलिस ने आदित्य को हिरासत में ले लिया है।
मृतका के दो संतानें हैं – पुत्र आकाश व पुत्री रश्मि। घटना के बाद रश्मि का रो-रो कर बुरा हाल है। उप निरीक्षक हेमलता ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Check Also

crowd management police-नवरात्रि के पहले दिन देवीपाटन मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

नवरात्रि के पावन पर्व की शुरुआत के साथ ही बलरामपुर स्थित देवीपाटन मंदिर में श्रद्धालुओं …