Saturday , March 21 2026

लोकसभा चुनाव: सपा ने शाहजहांपुर से राजेश कश्यप को बनाया प्रत्याशी

सपा ने दूसरी सूची में शाहजहांपुर और आंवला लोकसभा सीट से भी अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए। शाहजहांपुर से राजेश कश्यप को प्रत्याशी बनाया है, वहीं आंवला से नीरज मौर्य को टिकट दिया है।

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने सोमवार को अपने प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी। इसमें शाहजहांपुर और आंवला सीट से भी प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। सपा ने अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित शाहजहांपुर सीट से राजेश कश्यप को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, आंवला लोकसभा सीट से नीरज मौर्य पर भरोसा जताया है। नीरज मौर्य वर्तमान में आंवला लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी हैं।

तनवीर खां के करीबी हैं राजेश
राजेश कश्यप सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां के करीबी माने जाते हैं। उन्होंने वर्ष 2017 और 2022 में विधानसभा चुनाव के लिए भी टिकट मांगा था। शाहजहांपुर से राजेश कश्यप के अलावा उपेंद्र पाल सिंह और कमल किशोर कठेरिया ने भी टिकट के लिए दावेदारी पेश की थी। तीनों नेताओं के नाम बंद लिफाफे में पार्टी हाईकमान को भेजे गए थे। आखिर में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने राजेश कश्यप पर भरोसा जताया। दूसरी सूची में उनका नाम का एलान कर दिया।

दो बार के विधायक रह चुके हैं नीरज मौर्य
सपा ने आंवला लोकसभा सीट से नीरज मौर्य को प्रत्याशी घोषित कर जातीय समीकरण साधने का प्रयास किया है। नीरज शाहजहांपुर के जलालाबाद के रहने वाले हैं। वह 2007 और 2012 में बसपा से विधायक बने थे। 2017 में भी बसपा के टिकट पर जलालाबाद से चुनाव लड़ा। इसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद वह स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे। 2022 के चुनाव से पहले सपा में शामिल हो गए। सपा ने लोकसभा चुनाव में उन पर भरोसा जताया है।

Check Also

crowd management police-नवरात्रि के पहले दिन देवीपाटन मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

नवरात्रि के पावन पर्व की शुरुआत के साथ ही बलरामपुर स्थित देवीपाटन मंदिर में श्रद्धालुओं …