Sunday , February 1 2026

कुशीनगर पुलिस का बड़ा अभियान: “ऑपरेशन मजनू” के तहत 124 शोहदे गिरफ्तार, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्ती

कुशीनगर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर कुशीनगर पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। जिले में “ऑपरेशन मजनू” नाम से विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत छेड़खानी और छींटाकशी करने वाले मनचलों पर शिकंजा कसा गया। इस दौरान पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 124 शोहदों को गिरफ्तार किया।

जानकारी के मुताबिक, जिले में अक्सर स्कूल-कॉलेज और सार्वजनिक स्थलों के बाहर बिना कारण घूमने वाले युवक महिलाओं और छात्राओं से अभद्र व्यवहार करते थे। शिकायतें बढ़ने के बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया और ऐसे मनचलों पर कार्रवाई की।

पुलिस की सख्ती का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पकड़े गए युवकों को मौके पर ही कान पकड़कर माफी मांगनी पड़ी। सभी गिरफ्तार आरोपियों पर अब कानूनी कार्यवाही की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस तरह की हरकतें किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि जिले में बालिकाओं और महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। अगर कोई भी युवक स्कूल, कॉलेज या सार्वजनिक स्थानों पर बिना कारण घूमता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

स्थानीय लोगों ने कुशीनगर पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से समाज में न सिर्फ एक सकारात्मक संदेश जाएगा, बल्कि महिलाएं भी खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करेंगी।

कुशीनगर पुलिस का यह अभियान महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक साहसिक और सराहनीय कदम माना जा रहा है।

Check Also

Anganwadi Recruitment-बलरामपुर में आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला, रिश्वत लेते तीन आरोपी गिरफ्तार

जनपद बलरामपुर में आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने का गंभीर …