Sunday , March 22 2026

कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के चित्रकूट में 29 से 31 जुलाई तक प्रदेश के प्रशिक्षण वर्ग में चिंतन करेगी भाजपा

भारतीय जनता पार्टी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के चित्रकूट यानी प्रभु राम की तपोभूमि में 29 से 31 जुलाई तक प्रदेश के प्रशिक्षण वर्ग में चिंतन करेगी। इसमें 2024 के लोकसभा चुनाव, संगठन की मजबूती पर चिंतन होगा। साथ ही पिछले किए गए कार्यों के साथ भविष्य में राष्ट्र और समाज के लिए किए जाने वाले कार्यों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
प्रदेश स्तरीय इस प्रशिक्षण वर्ग में जहां प्रदेश के सभी पदाधिकारी और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रहेंगे, वहीं राष्ट्रीय स्तर के नेता अलग-अलग सत्रों को संबोधित करेंगे। कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के पदाधिकारियों को इसकी तैयारी में उतार दिया गया है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है। साथ ही अलग-अलग जिम्मेदारियां बांटी गई हैं। सभी पदाधिकारियों को 27 जुलाई से ही चित्रकूट पहुंचने के निर्देश भी दे दिए गए हैं। इस प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश के पदाधिकारियों के अलावा क्षेत्र के अध्यक्ष को भी शामिल होना है। इसमें 15 सत्र होंगे। इसमें एकात्म मानववाद से लेकर सांस्कृतिक राष्ट्रवाद तक के सत्र होंगे। प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर इस आध्यात्मिक नगरी से संदेश भेजा जाएगा। इसमें भाजपा की कार्यपद्धति, अंत्योदय की तो बात होगी ही, इसके साथ ही पदाधिकारियों को उनके कर्तव्य और दायित्व भी बताए जाएंगे। इसके साथ ही 2014 में भाजपा के केंद्र सरकार में आने के बाद किस तरह से पार्टी बढ़ी इस पर भी चर्चा होगी। तीन दिवसीय इस आयोजन में करीब दो सौ लोग रहेंगे। इनके ठहरने, भोजन, मंच आदि की व्यवस्थाएं क्षेत्र के पदाधिकारियों में बांट दी गई हैं। -29 से 31 जुलाई तक प्रदेश का प्रशिक्षण वर्ग चित्रकूट में है। इसकी शुरुआती तैयारी की जा रही है। पदाधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंपी जा रही हैं।

Check Also

public distribution system India-बहराइच में कोटेदार पर घटतौली का आरोप, ग्रामीणों ने की शिकायत

बहराइच में कोटेदार पर घटतौली का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश बहराइच जिले के नानपारा तहसील …