Monday , March 30 2026

Crime Against Women-उन्नाव में पूर्व महिला प्रधान की दबंगई, महिला के साथ बेरहमी से मारपीट

उन्नाव में दबंगई की हदें उस वक्त पार हो गईं जब एक पूर्व महिला ग्राम प्रधान पर एक महिला के साथ सरेआम बर्बर मारपीट करने का आरोप सामने आया। पीड़िता की साड़ी उतारकर उसे खंभे से बांधा गया और बेरहमी से पीटा गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

मामला उन्नाव जनपद के बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र अंतर्गत शादीपुर गांव का है। आरोप है कि गांव की पूर्व महिला ग्राम प्रधान बब्ली देवी ने अपने बेटे आशीष के साथ मिलकर एक महिला को सड़क से खींचकर अपने घर ले गई और वहां उसके साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि पूर्व प्रधान पति से कथित प्रेम संबंधों को लेकर गुस्से में थी, जिसके चलते उसने यह अमानवीय कृत्य किया।

आरोप है कि महिला की साड़ी उतारकर उसे खंभे से बांधा गया, बाल नोचे गए और जमीन पर गिराकर थप्पड़ों से पीटा गया। इस दौरान पीड़िता लगातार बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन मौके पर मौजूद लोग दबंगई के आगे मूकदर्शक बने रहे और किसी ने हस्तक्षेप करने की हिम्मत नहीं जुटाई। हैरान करने वाली बात यह भी है कि मारपीट के दौरान पूर्व प्रधान का बेटा आशीष वीडियो बनाता रहा।

यह पूरी घटना लाइव वीडियो के रूप में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई और बेहद अपमानजनक तरीके से प्रताड़ित किया गया।

पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और लोग कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

उन्नाव के शादीपुर गांव में सामने आई यह घटना न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि दबंगई के आगे आम लोग किस तरह असहाय नजर आते हैं। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

Check Also

family poisoning case-दूसरी पत्नी बनी मुसीबत—नशीली दवा देकर ज्वेलरी व नगदी लेकर फरार

अलीगढ़ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पहली पत्नी की मौत के …