Thursday , March 19 2026

Unnao night theft -उन्नाव में रात के अंधेरे में लाखों की चोरी, विनीत सिंह के घर चोरों का धावा

 उन्नाव में रात के अंधेरे में लाखों की चोरी

लोकेशन – उन्नाव, उत्तर प्रदेश

उन्नाव जनपद में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बीघापुर कोतवाली क्षेत्र से सामने आया है, जहां बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर ज्वेलरी और नकदी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

मामला उन्नाव जिले के बीघापुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कटरी गांव सिंगाहा का है। जानकारी के अनुसार देर रात अज्ञात चोरों ने गांव निवासी विनीत सिंह के घर पर धावा बोल दिया। चोर घर में घुसकर अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ते हुए कीमती जेवरात और नकदी समेत लाखों रुपये का सामान समेट ले गए।

रात के समय पूरा परिवार गहरी नींद में था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद चोर मौके से फरार हो गए। सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो घर का सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और कीमती सामान गायब मिला।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर बीघापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और परिवार के सदस्यों से घटना की जानकारी ली।

पीड़ित विनीत सिंह ने चोरी की इस वारदात के पीछे गांव के ही एक युवक पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घर की पूरी जानकारी उसी युवक को थी, जिसके चलते चोरी को इतनी आसानी से अंजाम दिया गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और गांव में गश्त भी बढ़ा दी गई है।

इस घटना के बाद से गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …