कोहरे की मार से थमी ट्रेनों की रफ्तार, घंटों की देरी से जूझ रहे यात्री
भीषण कोहरे ने एक बार फिर रेल यातायात को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में घने कोहरे का सीधा असर ट्रेनों की रफ्तार पर देखने को मिल रहा है। हालात ऐसे हैं कि अधिकतर ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 2 घंटे से लेकर 8 घंटे तक देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कोहरे के कारण रेल प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र ट्रेनों की गति सीमित कर दी है। इसी का नतीजा है कि ऊंचाहार संगम एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस, आगरा इंटरसिटी सुपरफास्ट समेत कई महत्वपूर्ण गाड़ियां घंटों की देरी से अपने गंतव्य तक पहुंच रही हैं। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की लंबी कतारें लगी हैं और इंतजार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा।
सबसे ज्यादा परेशानी उन यात्रियों को हो रही है, जिन्हें रात के समय सफर करना पड़ रहा है। ठंड और कोहरे के बीच यात्री रात भर प्लेटफॉर्म पर मजबूरन इंतजार कर रहे हैं। कई यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों की लेटलतीफी के चलते न तो बैठने की समुचित व्यवस्था मिल पा रही है और न ही ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम हैं।
फफूंद स्टेशन बना उम्मीदों का केंद्र:
रेलवे के आदर्श स्टेशन में शुमार दिव्यापुर का फफूंद रेलवे स्टेशन भी इन समस्याओं से अछूता नहीं है। हैरानी की बात यह है कि इस स्टेशन की वार्षिक आमदनी 30 करोड़ रुपये से अधिक होने के बावजूद यहां ट्रेनों के ठहराव की संख्या बेहद कम है। रोजाना 10 हजार से अधिक यात्री इस स्टेशन से यात्रा करते हैं, जबकि तीन जिलों के लोगों को इस स्टेशन से सीधा लाभ मिलता है।
इसके बावजूद यात्रियों को प्रमुख ट्रेनों के ठहराव का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कोहरे के कारण जब ट्रेनें पहले ही देरी से चल रही हैं, ऐसे में ठहराव न होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ जाती है। यात्रियों को मजबूरन अन्य स्टेशनों तक जाना पड़ता है या फिर घंटों इंतजार करना पड़ता है।
यात्रियों की मांग:
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि कोहरे के मौसम को देखते हुए फफूंद स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। साथ ही प्लेटफॉर्म पर ठंड से बचाव के लिए बेहतर इंतजाम, समय पर सूचना और ट्रेनों की स्थिति की सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
कुल मिलाकर कोहरा न सिर्फ ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा रहा है, बल्कि यात्रियों की परेशानियों को भी बढ़ा रहा है। ऐसे में रेलवे प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि वह हालात को देखते हुए यात्रियों की सुविधाओं और ट्रेनों के ठहराव पर जल्द ठोस कदम उठाएगा, ताकि ठंड और कोहरे के बीच सफर कुछ हद तक आसान हो सके।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal