Tuesday , February 3 2026

Tamil Nadu: पलानीस्वामी ने BJP के सहयोग की तारीफ की, कानून-व्यवस्था पर DMK सरकार को कठघरे में खड़ा किया

Tamil Nadu: अन्नाद्रमुक महासचिव ई.के. पलानीस्वामी ने पूर्व सीएम जयललिता के निधन के बाद पार्टी को समर्थन देने के लिए भाजपा को सराहा। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने तमिलनाडु के लिए आर्थिक मदद भी की है। उन्होंने दावा किया कि द्रमुक सरकार के शासन में राज्य की कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है और पुलिस तक सुरक्षित नहीं है।अन्नाद्रमुक के महासचिव ई.के. पलानीस्वामी ने पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के निधन के बाद पार्टी को समर्थन देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने द्रमुक सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि तमिलनाडु में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है।

चेन्नई में पूर्व मुख्यमंत्री सी.एन. अन्नादुरै की जयंत पर एक जनसभा आयोजित की गई थी। इस सभा को संबोधित करते हुए पलानीस्वामी ने कहा कि जब अन्नाद्रमुक सत्ता में थी, तब भी और अब भी, केंद्र की ओर से कभी कोई धमकी नहीं दी गई। उन्होंने कहा, इसके विपरीत उन्होंने (भाजपा) हमेशा हमारे लिए अच्छा ही किया है। ‘अम्मा’ (जयललिता) के निधन के बाद कुछ लोगों ने अन्नाद्रमुक पार्टी को हथियाने की कोशिश की थी। सरकार को गिराने का भी प्रयास किया गया था। आप लोग अच्छी तरह जानते हैं कि किसने पार्टी और सरकार की रक्षा की। यह केंद्र सरकार (भाजपा) ही थी जिसने हमें बचाया। कृतज्ञता भूलना सही नहीं है। जैसा तिरुवल्लुवर ने कहा है, हम आभार के साथ खड़े हैं। उन्होंने साफ किया कि भाजपा से उनके कोई मतभेद नहीं हैं।

पलानीस्वामी ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने हाल के वर्षों में तमिलनाडु को महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता दी है। उन्होंने याद दिलाया कि मेट्रो रेल परियोजना के लिए केंद्र ने 63,000 करोड़ रुपये आवंटित किए थे। उन्होंने कहा, नादंतई वाझी कावेरी योजना के लिए केंद्र सरकार ने 11,500 करोड़ रुपये जारी किए। हमने जो भी मांगा, केंद्र ने दिया।

उन्होंने द्रमुक सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि उनके शासन में कानून-व्यवस्था बेहद खराब हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराध के पीड़ितों के ही खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं, पुलिस खुद असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने बताया कि बीते छह महीने में छह पुलिसकर्मियों की हत्या हो चुकी है और गश्त करने वाले पुलिसकर्मियों पर हमले हो रहे हैं। पलानीस्वामी ने कहा, द्रमुक के शासन में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। पीड़ितों पर ही मामले दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस भी सुरक्षित नहीं है। छह महीने में छह पुलिसकर्मियों की हत्या हो चुकी है। गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों पर हमले हो रहे हैं। एक द्रमुक पंचायत अध्यक्ष चोरी के मामले में गिरफ्तार हुआ है, इससे समझिए कि द्रमुक के लोग कैसे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तमिलनाडु में गांव से लेकर शहरों तक हर जगह बिना किसी रोकटोक के अवैध नशीली दवाएं बिक रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने विधानसभा और प्रेस के जरिए कई बार नशा कारोबार रोकने की मांग की, लेकिन सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने दावा किया कि नशीले पदार्थ बेचने में द्रमुक के ही लोग मुख्य रूप से शामिल हैं।

Check Also

Sunlight Controls Diabetes : धूप से डायबिटीज पर लगाम: सूरज की रोशनी बनी सेहत की नैचुरल दवा

नई दिल्ली।डायबिटीज आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई बीमारियों में से एक है। …