टॉप न्यूज़विदेश

Hormuz Attack : होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकर पर हमला, आग लगी, ईरान का दावा

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तेल टैंकर पर हमला, प्रोजेक्टाइल लगते ही लगी आग; ईरान बोला- चेतावनी नहीं मानी

दुबई: ओमान के तट के पास स्थित दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में मंगलवार तड़के एक तेल टैंकर पर प्रोजेक्टाइल से हमला हो गया। हमले के बाद जहाज में आग लग गई। ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी UKMTO (United Kingdom Maritime Trade Operations) ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि आग लगने के बावजूद समुद्री पर्यावरण को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा।

ईरान ने कहा- चेतावनी के बावजूद तय मार्ग नहीं अपनाया

हमले के कुछ ही देर बाद ईरान की सरकारी मीडिया का बयान सामने आया। इसमें दावा किया गया कि संबंधित तेल टैंकर ने पहले जारी की गई चेतावनियों की अनदेखी की थी। ईरान ने हाल ही में होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों को केवल उसके द्वारा निर्धारित समुद्री मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी थी। उसका कहना था कि वही रास्ता सुरक्षित माना जाएगा।

ओमान के लिमा क्षेत्र के पास हुई घटना

UKMTO के अनुसार, हमला ओमान के लिमा क्षेत्र के पास हुआ। तेल टैंकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से दक्षिण दिशा में ओमान की खाड़ी की ओर बढ़ रहा था, तभी उसके बाईं ओर (पोर्ट साइड) प्रोजेक्टाइल आकर लगा। टक्कर के बाद जहाज में आग भड़क उठी। एजेंसी ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और घटना की विस्तृत जांच जारी है।

दुनिया के लिए बेहद अहम है होर्मुज जलडमरूमध्य

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति की दृष्टि से सबसे संवेदनशील समुद्री मार्गों में गिना जाता है। दुनिया में होने वाले कुल तेल और प्राकृतिक गैस व्यापार का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा इसी रास्ते से होकर गुजरता है। ऐसे में इस क्षेत्र में किसी भी तरह की सैन्य या सुरक्षा घटना का असर अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार और शिपिंग गतिविधियों पर पड़ सकता है।

ईरान-अमेरिका तनाव के बीच बढ़ी चिंता

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत फिलहाल ठप पड़ी हुई है। माना जा रहा है कि ईरान के दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बाद दोनों देशों के बीच वार्ता दोबारा शुरू हो सकती है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह अंतिम संस्कार के दौरान एक सप्ताह तक ईरान पर कोई सैन्य कार्रवाई नहीं करेंगे, हालांकि उन्होंने यह भी दोहराया कि या तो समझौता होगा या अमेरिका कड़ा कदम उठाएगा।

जांच जारी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

समुद्री सुरक्षा एजेंसियों ने इस घटना के बाद क्षेत्र से गुजरने वाले सभी व्यावसायिक जहाजों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है। फिलहाल हमले की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है, लेकिन घटना ने एक बार फिर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की सुरक्षा और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Related Articles

Back to top button