Monday , February 2 2026

Smartphone Scam UP-स्मार्टफोन घोटाले में बड़ी कार्रवाई, संविदा कर्मी पर मुकदमा दर्ज

प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को वितरित किए जाने वाले स्मार्टफोन और टैबलेट में हुए बड़े घोटाले को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संविदा कर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की बड़ी कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, जिले को छात्रों के वितरण के लिए कुल 36,950 स्मार्टफोन और 18,262 टैबलेट प्राप्त हुए थे। इन उपकरणों के रखरखाव और वितरण की जिम्मेदारी तत्कालीन ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अभिषेक चौहान को सौंपी गई थी। हालांकि 6 नवंबर 2024 को उनकी सेवाएं समाप्त हो गईं, जिसके बाद यह जिम्मेदारी आशीष वर्मा को दी गई।

नए ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर द्वारा गोदाम का सत्यापन कराया गया, जिसमें बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई। जांच में पाया गया कि 802 स्मार्टफोन और 5 टैबलेट पूरी तरह गायब हैं। वहीं रिकॉर्ड में गोदाम में जमा दिखाए गए 199 स्मार्टफोन में से मौके पर केवल 14 स्मार्टफोन ही मिले, जबकि 185 स्मार्टफोन गायब पाए गए।

इसके अलावा, गोदाम में 1353 टैबलेट जमा दिखाए गए थे, लेकिन भौतिक सत्यापन में 1348 टैबलेट ही मिले और 5 टैबलेट गायब पाए गए। इतना ही नहीं, 276 स्मार्टफोन कॉलेजों को वितरित दिखाए गए, लेकिन वे संबंधित कॉलेजों तक कभी पहुंचे ही नहीं।

जांच में यह भी सामने आया कि 341 स्मार्टफोन कॉलेजों से वापस मंगाए गए, जिनकी कॉलेजों के पास रिसीविंग भी मौजूद है, लेकिन वे स्मार्टफोन गोदाम में दोबारा जमा नहीं हुए।

स्मार्टफोन और टैबलेट गायब होने के इस गंभीर मामले को लेकर पहले ही प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने जिला अधिकारी को जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। निर्देशों के क्रम में जिला अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने विस्तृत जांच कराई, जिसके बाद दोषी पाए गए ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अभिषेक चौहान के खिलाफ कोतवाली फतेहगढ़ में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

प्रशासन का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी रहेगी और यदि अन्य अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाए गए तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घोटाला छात्रों के भविष्य से जुड़ा होने के कारण प्रशासन इसे बेहद गंभीरता से ले रहा है।

“छात्रों के लिए आए स्मार्टफोन और टैबलेट के रखरखाव में गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं। जांच के बाद दोषी ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले में आगे भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।”

Check Also

Sunlight Controls Diabetes : धूप से डायबिटीज पर लगाम: सूरज की रोशनी बनी सेहत की नैचुरल दवा

नई दिल्ली।डायबिटीज आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई बीमारियों में से एक है। …