
मुंबई: साल 2024 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘स्त्री 2: सरकटे का आतंक’ में शानदार सफलता हासिल करने के बाद अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अब अपनी अगली फिल्म ‘ईथा’ के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। लंबे समय से उनकी नई फिल्म का इंतजार कर रहे प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। फिल्ममेकर्स ने आधिकारिक तौर पर इसकी रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है।

फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के अनुसार, ‘छावा’ की सफलता के बाद निर्माता दिनेश विजान और निर्देशक लक्ष्मण उतेकर एक बार फिर साथ आ रहे हैं। उनकी नई फिल्म ‘ईथा’ एक बोल्ड और भावनात्मक कहानी पर आधारित होगी, जिसमें श्रद्धा कपूर एक बेहद दमदार किरदार निभाती नजर आएंगी।
रक्षाबंधन के मौके पर होगी रिलीज
फिल्म 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह तारीख रक्षाबंधन के त्योहार के आसपास होने के कारण फिल्म को एक बड़ा बॉक्स ऑफिस फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। श्रद्धा कपूर के फैंस लंबे समय से उनकी अगली फिल्म का इंतजार कर रहे थे और अब रिलीज डेट सामने आने के बाद उत्साह और बढ़ गया है।
विठाबाई के किरदार में दिखेंगी श्रद्धा कपूर
फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि श्रद्धा फिल्म में महाराष्ट्र की प्रसिद्ध तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर का किरदार निभाएंगी। फिल्म उनकी संघर्षपूर्ण जिंदगी और कला यात्रा को बड़े पर्दे पर पेश करेगी।
‘स्त्री 2’ के बाद फिर बड़ी उम्मीदें
श्रद्धा कपूर की पिछली फिल्म ‘स्त्री 2’ ने दुनियाभर में 800 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था और साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल रही। ऐसे में दर्शकों और ट्रेड एक्सपर्ट्स की नजर अब ‘ईथा’ के प्रदर्शन पर टिकी हुई है।
बॉबी देओल की ‘बंदर’ का बॉक्स ऑफिस पर खराब प्रदर्शन
वहीं दूसरी ओर, बॉबी देओल स्टारर फिल्म ‘बंदर’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। रिलीज के चौथे दिन फिल्म ने केवल 30 लाख रुपये की कमाई की, जबकि भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 2.75 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन लगभग 3.30 करोड़ रुपये पहुंचा है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार फिल्म को दर्शकों का अपेक्षित समर्थन नहीं मिल रहा है।




