Thursday , March 19 2026

Illegal Taxi Stand-संडीला में अवैध टैक्सी स्टैंड से ओवरलोडिंग, यात्रियों की जान खतरे में

हरदोई जनपद के संडीला कस्बे में अवैध टैक्सी स्टैंड का खेल खुलेआम चल रहा है। नियमों को ताक पर रखकर सवारियों को ठूंस-ठूंसकर बैठाया जा रहा है, जिससे लोगों की जान के साथ खिलवाड़ हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि अब तक परिवहन विभाग या प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

संडीला कस्बे के बस स्टॉप और स्टैंड क्षेत्र में अवैध टैक्सी स्टैंड धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं। बिना किसी वैध परमिट और निर्धारित स्थान के टैक्सियां खड़ी कर सवारियां भरी जा रही हैं। नियमों के अनुसार जहां एक टैक्सी में सीमित सवारियां बैठाई जानी चाहिए, वहीं यहां 11 से 12 यात्रियों को ठूंसकर बैठाया जा रहा है।

इस लापरवाही से न केवल सड़क हादसों की आशंका बनी रहती है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी पूरी तरह खतरे में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन अवैध टैक्सी स्टैंडों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सबसे गंभीर सवाल यह है कि इन अवैध गतिविधियों पर परिवहन विभाग की चुप्पी क्यों है। नियमों की अनदेखी के चलते सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। टैक्सी संचालक न तो स्टैंड शुल्क देते हैं और न ही परमिट और टैक्स से जुड़े नियमों का पालन कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे यह सवाल उठने लगा है कि आखिर ये अवैध टैक्सी स्टैंड किसके संरक्षण में चल रहे हैं। बस स्टॉप स्टैंड क्षेत्र में खुलेआम चल रही इन गतिविधियों से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

लोगों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि अवैध टैक्सी स्टैंडों पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के चालान किए जाएं और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …