टॉप न्यूज़मनोरंजन

Health Update : राजेश शर्मा की तबीयत पर असिस्टेंट ने तोड़ी चुप्पी, बोले फेक खबरों पर भरोसा न करें

राजेश शर्मा की तबीयत पर फैली अफवाहों पर विराम, असिस्टेंट ने बताई अस्पताल में भर्ती होने की असली वजह

एंटरटेनमेंट डेस्क: बॉलीवुड अभिनेता राजेश शर्मा की तबीयत को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें सामने आईं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि प्रभास की फिल्म ‘फौजी’ की शूटिंग के दौरान किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी के काटने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि अब अभिनेता के असिस्टेंट ने इन दावों को पूरी तरह गलत बताते हुए उनकी सेहत पर आधिकारिक जानकारी साझा की है।

कीड़े के काटने की खबर निकली गलत

राजेश शर्मा के असिस्टेंट ने एक वीडियो जारी कर स्पष्ट किया कि अभिनेता को किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी ने नहीं काटा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में चल रही यह खबर पूरी तरह भ्रामक और बेबुनियाद है।

डायबिटीज से जुड़ी समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती

असिस्टेंट के मुताबिक, राजेश शर्मा को डायबिटीज से जुड़ी स्वास्थ्य समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वे पश्चिम बंगाल के ढाकुरिया स्थित एक अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी हालत स्थिर है।

उन्होंने कहा, “राजेश शर्मा को कोई संक्रमण नहीं हुआ है। डायबिटीज से जुड़ी दिक्कत के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया है कि चिंता की कोई बात नहीं है। कृपया फेक न्यूज न फैलाएं।”

जल्द मिल सकती है अस्पताल से छुट्टी

असिस्टेंट ने बताया कि अभिनेता की तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है और डॉक्टरों के अनुसार उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।

शानदार रहा है राजेश शर्मा का करियर

राजेश शर्मा हिंदी और बंगाली सिनेमा के जाने-माने कलाकार हैं। उन्होंने ‘खोसला का घोसला’, ‘इश्किया’, ‘स्पेशल 26’, ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’, ‘बजरंगी भाईजान’, ‘मर्दानी 2’, ‘दबंग 3’, ‘ड्रीम गर्ल’, ‘बाटला हाउस’, ‘क्रू’ और ‘द ताशकंद फाइल्स’ जैसी कई फिल्मों में अपनी दमदार अभिनय से पहचान बनाई है।

हाल ही में वह राजकुमार हिरानी की वेब सीरीज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ में सब-इंस्पेक्टर कार्लोस लोबो के किरदार में नजर आए थे।

फिलहाल अभिनेता की सेहत में सुधार है और उनके असिस्टेंट ने प्रशंसकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।

Related Articles

Back to top button