
मुंबई: पैन इंडिया सुपरस्टार प्रभास की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘फौजी’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। प्रभास ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म का नया पोस्टर साझा करते हुए बताया कि ‘फौजी’ 3 दिसंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है।

खून से लथपथ प्रभास का दिखा सबसे खतरनाक अवतार
जारी किए गए पोस्टर में प्रभास अब तक के सबसे अलग और रौद्र अंदाज में नजर आ रहे हैं। बारिश में भीगे प्रभास चारों ओर बिखरी लाशों के बीच खड़े दिखाई देते हैं। उनके शरीर पर खून के निशान हैं और हाथ में बंदूक नजर आ रही है। पोस्टर फिल्म की युद्धग्रस्त दुनिया की झलक देता है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म में दमदार एक्शन और भावनात्मक कहानी देखने को मिलेगी।
पोस्टर में लाल अक्षरों में ‘फौजी’ लिखा गया है, जबकि बैकग्राउंड में धुंधले दस्तावेज, आधिकारिक मुहरें और रहस्यमयी संकेत फिल्म की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि की ओर इशारा करते हैं।
हानू राघवपुडी के निर्देशन में बनी है फिल्म
‘फौजी’ का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक हानू राघवपुडी कर रहे हैं। अपनी भावनात्मक और पीरियड फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले हानू पहली बार प्रभास के साथ काम कर रहे हैं। यही वजह है कि इस फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
दमदार स्टार कास्ट
फिल्म में प्रभास के साथ अभिनेत्री इमन्वी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा मिथुन चक्रवर्ती, जया प्रदा और अनुपम खेर जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे। स्टार कास्ट को देखते हुए माना जा रहा है कि फिल्म बड़े स्तर पर तैयार की जा रही है।
सोशल मीडिया पर छाया ‘फौजी नेशन’
रिलीज डेट और पोस्टर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर #FaujiNation ट्रेंड करने लगा। कुछ ही समय में पोस्टर पर लाखों लाइक्स और हजारों कमेंट्स आ गए। फैंस प्रभास के नए लुक की जमकर तारीफ कर रहे हैं और फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं।
हालांकि मेकर्स ने अभी फिल्म की कहानी से जुड़ी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन पोस्टर ने साफ संकेत दे दिया है कि ‘फौजी’ बड़े बजट और भव्य पैमाने पर बनाई गई पीरियड एक्शन ड्रामा फिल्म होगी।
प्रभास की आने वाली फिल्में
‘फौजी’ के अलावा प्रभास जल्द ही ‘स्पिरिट’ में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिका निभाएंगी। वहीं, ‘कल्कि’ के अगले पार्ट पर भी काम जारी है। इसके अलावा हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो के बाद ‘बाहुबली 3’ को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।




