Tuesday , February 10 2026

Family Suicide-पति-पत्नी और तीन मासूम बच्चों की विषाक्त पदार्थ खाने से मौत, तांत्रिक कनेक्शन की जांच

**मथुरा के खप्परपुर गांव में सामूहिक आत्महत्या से सनसनी

मथुरा।
उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में मंगलवार को एक हृदयविदारक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे जिले को स्तब्ध कर दिया। महावन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खप्परपुर में एक ही परिवार के पाँच लोगों ने विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिससे पति-पत्नी सहित तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। इस सामूहिक आत्महत्या की घटना से न सिर्फ गांव बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

मृतकों में 32 वर्षीय मनीष, उसकी पत्नी सीमा (32 वर्ष) और उनके तीन बच्चे—पंकज (ढाई वर्ष), प्रियांशी (4 वर्ष) और हनी (6 वर्ष) शामिल हैं। एक साथ पांच शव मिलने की सूचना से प्रशासन और पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा प्रशासन

घटना की जानकारी मिलते ही महावन थाना पुलिस, रिफाइनरी थाना और जमुनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश और एडीजी आगरा जोन अनुपमा कुलश्रेष्ठ भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और परिजनों व ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली।

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन ने मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं।

दीवार और वीडियो में लिखा सुसाइड नोट

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आत्महत्या से पहले परिवार ने घर की दीवार पर सुसाइड नोट लिखा था। इसके साथ ही मृतक मनीष ने अपने मोबाइल फोन से एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने स्पष्ट रूप से कहा कि वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ स्वयं आत्महत्या कर रहा है और पुलिस किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान न करे।

हालांकि पुलिस अभी सुसाइड नोट और वीडियो की फॉरेंसिक जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

तांत्रिक के संपर्क में होने की चर्चा

घटना के बाद गांव में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। ग्रामीणों द्वारा दबी आवाज में बताया जा रहा है कि मनीष और उसका परिवार पास के ही एक गांव के तांत्रिक के संपर्क में था। बताया जा रहा है कि वह तांत्रिक लगातार इनके घर आता-जाता रहता था। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में किसी भी तरह की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तांत्रिक कनेक्शन सहित हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

शांत स्वभाव का था परिवार, गांव में पसरा मातम

ग्रामीणों के अनुसार मनीष और उसका परिवार बेहद शांत और मिलनसार स्वभाव का था। किसी से कोई विवाद नहीं था। मनीष की शादी करीब आठ वर्ष पहले जनपद हाथरस के ग्राम मड़नई से हुई थी। वह पत्नी और बच्चों के साथ अपने माता-पिता से अलग रहकर जीवन यापन कर रहा था।

एक साथ पूरे परिवार की मौत से गांव में कोहराम मच गया है। हर आंख नम है और लोग इस घटना को समझ पाने में असमर्थ नजर आ रहे हैं।

आर्थिक दबाव की भी जांच

सूत्रों के अनुसार यह भी चर्चा है कि परिवार ने हाल ही में एक प्लॉट बेचा था। पुलिस इस पहलू को भी ध्यान में रखते हुए आर्थिक स्थिति और लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

पुलिस बोली—हर एंगल से होगी जांच

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामला बेहद संवेदनशील है। आत्महत्या के कारणों को लेकर अभी कोई ठोस निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर समाज में मानसिक दबाव, अंधविश्वास और पारिवारिक तनाव जैसे मुद्दों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Check Also

Police Checking Drive-प्रयागराज करैली में पुलिस का सख़्त चेकिंग अभियान, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

प्रयागराज के करैली थाना क्षेत्र में पुलिस का सख़्त रुख देखने को मिला, जहां कानून …