महोबा में प्रेम विवाह बना परिजनों के लिए चुनौती, धमकियों से दहशत में नवदंपति
एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार, कोतवाली पुलिस को दिए गए निर्देश
महोबा जनपद से प्रेम विवाह से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवक द्वारा अपनी प्रेमिका से प्रेम विवाह करना उसके और उसके परिवार के लिए नई मुसीबत बन गया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर मोहल्ले में रहने वाले युवक और उसकी पत्नी को प्रेम विवाह के बाद लगातार धमकियां मिल रही हैं। आरोप है कि प्रेमिका के परिजनों ने शादी को स्वीकार करने से इनकार करते हुए जान से मारने की धमकी दी है। हालात से परेशान नवदंपति ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है, जिस पर एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
मामला महोबा मुख्यालय के सुभाष नगर मोहल्ले का है, जहां रहने वाले निखिल रैकवार को शहर की ही रहने वाली पूनम कोष्ठा से करीब छह वर्ष पूर्व प्रेम हो गया था। धीरे-धीरे दोनों का प्रेम प्रसंग गहराता चला गया और दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खा लीं।
करीब छह वर्षों तक चले प्रेम संबंध के बाद दोनों ने परिवार की सहमति न मिलने पर एक वर्ष पूर्व कोर्ट मैरिज कर ली। कोर्ट मैरिज के बाद दंपति शांतिपूर्वक अपना जीवन व्यतीत कर रहा था। लेकिन बीते 10 जनवरी को दोनों ने मंदिर में जाकर भगवान को साक्षी मानते हुए हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया।
नवदंपति का आरोप है कि मंदिर में शादी करने की जानकारी मिलते ही प्रेमिका के परिजन भड़क गए। आरोप है कि युवक के चाचा, भाई, पिता और ससुराल पक्ष के लोग उनके घर पहुंचकर परिजनों को धमकाने लगे। इतना ही नहीं, उन्हें खुलेआम जान से मारने की धमकियां दी गईं।
पीड़ित दंपति का कहना है कि जिन लोगों से उन्हें खतरा है, वे दबंग और अपराधी किस्म के लोग हैं, जिनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसी वजह से उन्हें अपने जीवन पर गंभीर संकट नजर आ रहा है और वे भय के साये में जीने को मजबूर हैं।
इन तमाम परेशानियों से तंग आकर नवदंपति अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले से एसपी को अवगत कराते हुए सुरक्षा की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर कोतवाली पुलिस को तत्काल आवश्यक कार्रवाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी के निर्देश के बाद दंपति फिलहाल अपने परिजनों के साथ कोतवाली में मौजूद है। कोतवाली पुलिस ने उन्हें हर संभव मदद और सुरक्षा का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और यदि किसी भी पक्ष द्वारा कानून का उल्लंघन किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रेम विवाह को लेकर उपजा यह विवाद एक बार फिर समाज में स्वीकार्यता और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि पुलिस की कार्रवाई से नवदंपति को कितनी सुरक्षा और राहत मिल पाती है।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal