
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में भारतीय सेना ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकियों के एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। सेना को खुफिया एजेंसियों से मिले विशेष इनपुट के आधार पर केरन सेक्टर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान सुरक्षाबलों ने आतंकियों के छिपाए गए हथियारों और युद्ध सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया। बरामद सामान में पांच AK सीरीज राइफल, नौ AK मैगजीन, एक हैंड ग्रेनेड और भारी मात्रा में गोला-बारूद शामिल है।

खुफिया सूचना के आधार पर चला सर्च ऑपरेशन
भारतीय सेना की चिनार कॉर्प्स के अनुसार, 6 जुलाई को विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिलने के बाद केरन सेक्टर के सामान्य क्षेत्र में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने घने इलाके में छिपाए गए एक आतंकी ठिकाने का पता लगाया। तलाशी के दौरान वहां से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और युद्ध में इस्तेमाल होने वाला अन्य सैन्य सामान बरामद किया गया।
सेना ने बताया कि समय रहते इस ठिकाने का खुलासा होने से आतंकियों की संभावित साजिश को बड़ा झटका लगा है। फिलहाल पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी है और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह हथियार किस आतंकी संगठन के लिए जमा किए गए थे।
चिनार कॉर्प्स ने एक्स पर दी जानकारी
भारतीय सेना की चिनार कॉर्प्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ऑपरेशन की जानकारी साझा करते हुए बताया कि विशेष इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर शुरू किए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया। सेना ने बताया कि बरामद सामग्री में 5 AK सीरीज राइफल, 9 AK मैगजीन, एक हैंड ग्रेनेड, भारी मात्रा में गोला-बारूद और अन्य युद्ध सामग्री शामिल है।
पिछले महीने पीओके का युवक सीमा पार कर भारत पहुंचा था
कुपवाड़ा जिला हाल के महीनों में कई सुरक्षा घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा है। पिछले महीने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से एक 19 वर्षीय युवक नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर भारतीय सीमा में प्रवेश कर गया था। स्थानीय ग्रामीणों ने उसे करनाह क्षेत्र के मारी इलाके में पकड़कर सुरक्षा बलों के हवाले कर दिया था।
अधिकारियों के अनुसार, युवक की पहचान अशरफ खान के रूप में हुई थी, जो पीओके के मुजफ्फराबाद का रहने वाला बताया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने उससे पूछताछ कर पूरे मामले की जांच की थी।
मार्च में सैन्य शिविर में हुई थी फायरिंग की घटना
इससे पहले 28 मार्च की रात कुपवाड़ा के त्रेहगाम इलाके स्थित एक सैन्य शिविर में आकस्मिक गोलीबारी की घटना सामने आई थी। सेना के अनुसार, एक सैनिक के सर्विस हथियार से अचानक गोली चलने के कारण तीन जवान घायल हो गए थे। सभी घायलों को तत्काल सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
शुरुआत में घटना को लेकर विभिन्न तरह की अटकलें लगाई गई थीं, लेकिन बाद में सेना ने स्पष्ट किया कि यह किसी आतंकी हमले या आपसी विवाद का मामला नहीं था, बल्कि आकस्मिक फायरिंग की घटना थी।
सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्क
कुपवाड़ा, केरन और करनाह जैसे सीमावर्ती क्षेत्र लंबे समय से आतंकियों की घुसपैठ की कोशिशों के लिहाज से संवेदनशील माने जाते हैं। ऐसे में भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी, गश्त और इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन चला रही हैं। ताजा कार्रवाई को सीमापार से आतंकियों की गतिविधियों पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।




