टॉप न्यूज़मनोरंजन

Trailer Release : केके मेनन की आदर्श बाल विद्यालय का ट्रेलर रिलीज, हंसी का धमाका तैयार

के के मेनन की 'आदर्श बाल विद्यालय' का ट्रेलर रिलीज, सरकारी स्कूल की जद्दोजहद पर कॉमेडी का तड़का

मुंबई: अभिनेता के के मेनन एक बार फिर दर्शकों को नए अंदाज में गुदगुदाने के लिए तैयार हैं। उनकी अपकमिंग वेब सीरीज ‘आदर्श बाल विद्यालय’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। कॉमेडी और ड्रामा से भरपूर यह सीरीज एक सरकारी स्कूल की चुनौतियों, सीमित संसाधनों और बड़े सपनों की कहानी को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश करती है। यह सीरीज 24 जुलाई से प्राइम वीडियो पर भारत समेत 240 से अधिक देशों में स्ट्रीम होगी।

कैम्ब्रिज जाने की दौड़ से बदलती है कहानी

ट्रेलर की शुरुआत एक साधारण सरकारी स्कूल से होती है, जहां हर दिन नई परेशानियां और अव्यवस्थाएं देखने को मिलती हैं। कहानी के केंद्र में स्कूल के हेडमास्टर ज्ञानेश्वर त्रिपाठी (के के मेनन) हैं, जो अपने देसी जुगाड़ और समझदारी से स्कूल को संभालने की कोशिश करते हैं।

कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है, जब सरकार घोषणा करती है कि बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले 10 स्कूलों के प्रिंसिपलों को ट्रेनिंग के लिए कैम्ब्रिज भेजा जाएगा। इसके बाद स्कूल के शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों के बीच खुद को साबित करने की दिलचस्प और हास्य से भरपूर जंग शुरू हो जाती है।

स्कूल की यादें ताजा करेगी कहानी

सीरीज के निर्देशक हिमांक गौर का कहना है कि ‘आदर्श बाल विद्यालय’ सिर्फ एक स्कूल की कहानी नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति की यादों से जुड़ी कहानी है जिसने सरकारी या निजी स्कूल में बचपन बिताया है। इसमें दोस्ती, शरारतें, टीचर्स के साथ रिश्ते और स्कूल की रोजमर्रा की घटनाओं को मनोरंजक अंदाज में दिखाया गया है।

दमदार स्टारकास्ट आएगी नजर

पोशम पा पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस सीरीज को बिस्वपति सरकार और समीर सक्सेना ने तैयार किया है। सात एपिसोड वाली इस सीरीज में के के मेनन के अलावा अर्चना पूरन सिंह, अभिमन्यु सिंह, नवीन कस्तूरिया, प्रसन्ना बिष्ट, देवेन भोजानी और प्राची शाह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

के के मेनन बोले- यह किरदार मेरे लिए बिल्कुल नया

के के मेनन ने कहा कि उन्होंने अब तक खुफिया अधिकारी, नेता और अपराधी जैसे कई गंभीर किरदार निभाए हैं, लेकिन हेडमास्टर की भूमिका उनके लिए बिल्कुल अलग अनुभव रही। उनके मुताबिक, ज्ञानेश्वर त्रिपाठी एक ऐसा किरदार है जो पूरी तरह परफेक्ट नहीं है, लेकिन अपनी सूझबूझ, ईमानदारी और व्यवहारिक सोच से हर मुश्किल का सामना करता है।

कॉमेडी, भावनाओं और प्रेरणा से भरपूर ‘आदर्श बाल विद्यालय’ का ट्रेलर दर्शकों को पसंद आ रहा है। अब सभी की नजरें 24 जुलाई को होने वाले इसके डिजिटल प्रीमियर पर टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button