Monday , March 16 2026

Rasoolabad Laloo canal bridge-कानपुर देहात में महिला ने रामगंगा नहर में लगाई छलांग, युवकों की बहादुरी से बची जान

कानपुर देहात। जनपद कानपुर देहात के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला ने अचानक रामगंगा नहर में छलांग लगा दी। घटना को देख मौके पर मौजूद युवकों ने बिना देर किए बहादुरी और साहस का परिचय देते हुए नहर में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में युवकों की बहादुरी की जमकर सराहना की जा रही है।

जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के लालू नहर पुल के पास का है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक महिला अचानक नहर पुल पर पहुंची और देखते ही देखते उसने रामगंगा नहर में छलांग लगा दी। महिला के नहर में कूदते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग शोर मचाने लगे।

इसी दौरान मौके पर मौजूद दो युवकों आमिर और विवेक ने हिम्मत दिखाते हुए बिना अपनी जान की परवाह किए तुरंत नहर में छलांग लगा दी। नहर में पानी का बहाव तेज था, जिसके कारण महिला को बाहर निकालना आसान नहीं था। बावजूद इसके दोनों युवकों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए काफी देर तक संघर्ष किया और आखिरकार महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों ने युवकों की मदद से महिला को नहर से बाहर निकाला और उसे सुरक्षित स्थान पर लाकर बैठाया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने महिला के परिजनों को घटना की जानकारी दी।

कुछ ही देर में महिला के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और महिला को अपने साथ घर ले गए। फिलहाल महिला की हालत सुरक्षित बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक महिला द्वारा नहर में छलांग लगाने का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर यह बात सामने आई है कि वह घर के कुछ सदस्यों की आदतों से आहत थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के बाद क्षेत्र में आमिर और विवेक की बहादुरी की काफी चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों की सराहना करते हुए कहा कि अगर समय रहते उन्होंने साहस न दिखाया होता तो महिला की जान भी जा सकती थी।

लोगों का कहना है कि युवकों ने जिस तरह अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में कूदकर महिला को बचाया, वह वास्तव में सराहनीय और प्रेरणादायक है। क्षेत्र के कई लोगों ने प्रशासन से मांग भी की है कि ऐसे साहसी युवकों को सम्मानित किया जाना चाहिए, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए और अन्य लोग भी जरूरत पड़ने पर मानवता की मिसाल पेश करें।

फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है और हर कोई आमिर और विवेक की बहादुरी की तारीफ कर रहा है। वहीं परिजन महिला को घर ले गए हैं और उसे समझाने-बुझाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि भविष्य में वह इस तरह का कदम न उठाए।

बाइट: विवेक (महिला को सुरक्षित बचाने वाला युवक)

Check Also

Social Media Comment Case-सीएम योगी की माताजी पर टिप्पणी से भड़के भाजपाई, खुर्जा में प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath की माताजी पर सोशल मीडिया पर की गई कथित …