ब्रेकिंग न्यूज़ | कन्नौज
कन्नौज जनपद में हाइवे और एक्सप्रेस-वे पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने एक अहम एडवाइजरी जारी की है। घने कोहरे और ठंड के मौसम को देखते हुए विभाग ने वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
उप संभागीय परिवहन अधिकारी इज्या तिवारी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सर्दियों के मौसम में घना कोहरा दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण बन रहा है। ऐसे में यदि बहुत अधिक आवश्यकता न हो तो रात के समय वाहन चलाने से बचें। उन्होंने कहा कि कम दृश्यता के कारण हाईवे और एक्सप्रेस-वे पर हादसों की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
आरटीओ अधिकारी ने वाहन चालकों को सलाह दी कि यात्रा के दौरान वाहनों की हेडलाइट, फॉग लाइट, इंडिकेटर और ब्रेक लाइट पूरी तरह सही स्थिति में हों। साथ ही हाईवे पर तेज गति से वाहन चलाने से बचें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। उन्होंने कहा कि कोहरे में सुरक्षित दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति में दुर्घटना न हो।
परिवहन विभाग ने यह भी कहा कि भारी वाहनों के चालकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए और थकान की स्थिति में वाहन न चलाएं। यदि कोहरा अत्यधिक घना हो जाए तो सुरक्षित स्थान पर वाहन रोककर मौसम साफ होने का इंतजार करें।
परिवहन विभाग की इस एडवाइजरी का उद्देश्य सड़क हादसों में कमी लाना और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करें।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal