Thursday , March 19 2026

Kannauj brutal murder -कन्नौज: 25 वर्षीय युवक की ईंट से कूटकर हत्या, परिजनों में मचा कोहराम

 कन्नौज में 25 वर्षीय युवक की ईंट से कूटकर हत्या

लोकेशन – कन्नौज, उत्तर प्रदेश

कन्नौज जनपद में दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। सौरिख थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय युवक की ईंट से कूटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक घर से काम पर जाने के लिए निकला था, लेकिन अगली सुबह उसका शव गांव के बाहर पड़ा मिला। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पूरा मामला कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र अंतर्गत नादेमऊ चौकी के काकरकुई गांव का है। यहां के रहने वाले 25 वर्षीय श्याम सुंदर बाथम मजदूरी का काम करते थे और लैंटर डालने वाली मशीन पर लेबरी का कार्य करते थे। परिजनों के अनुसार श्याम सुंदर बीते दिन शाम करीब 8 बजे घर से पैसे लेकर मधुपुरी गांव स्थित उदयवीर के प्लॉट पर काम करने के लिए निकले थे।

रात देर तक जब श्याम सुंदर घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन सुबह ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मिली कि मधुपुरी गांव में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान श्याम सुंदर के रूप में की।

शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। सिर और चेहरे पर गहरे घाव मिले हैं, वहीं शव के पास एक ईंट भी पड़ी हुई थी, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक की ईंट से पीट-पीटकर हत्या की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही सौरिख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता शिवपाल ने बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 एसपी विनोद कुमार, कन्नौज
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि श्याम सुंदर बाथम कल शाम करीब 8 बजे घर से काम पर जाने के लिए निकले थे और रात में वापस नहीं आए। सुबह उनका शव मधुपुरी गांव में एक मकान के सामने पड़ा मिला। शरीर पर सिर और चेहरे पर चोट के स्पष्ट निशान हैं और पास में ईंट पड़ी मिली है, जिससे प्रथम दृष्टया ईंट से पीटकर हत्या की आशंका है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या किन परिस्थितियों में और किसने की। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …