Friday , March 20 2026

Kannauj Police Arrest – कन्नौज पुलिस का खुलासा, लूट गिरोह के 5 शातिर अपराधी गिरफ्तार

कन्नौज पुलिस के हत्थे चढ़े लुटेरे, गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार

कन्नौज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले में लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। यह वही गिरोह है, जिसने कुछ दिन पहले थाना ठठिया क्षेत्र में आढ़ती के साथ सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

दरअसल, करीब एक सप्ताह पूर्व कन्नौज के थाना ठठिया क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक आढ़ती को तमंचा दिखाकर लूट लिया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में गठित टीम ने लगातार दबिश देते हुए इस लूट गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने दो अवैध तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, 22 हजार 230 रुपये नकद और लूट की घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान से यह स्पष्ट है कि आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे।

पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे सुनसान रास्तों पर बाइक से घूमते थे और अकेले चल रहे लोगों को अपना निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही तमंचा दिखाकर मोबाइल फोन और नकदी लूट लेते थे। लूट के बाद सभी आरोपी रकम और सामान को आपस में बांट लेते थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से जिले में लूट की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

Check Also

awareness against child marriage-औरैया में प्रशासन की कार्रवाई, नाबालिग लड़का-लड़की की शादी रुकवाई

उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां प्रशासन की …