कन्नौज जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बॉडी बनाने के शौक में एक युवक की जान चली गई।

बताया जा रहा है कि तालग्राम थाना क्षेत्र के कुड़रा गांव निवासी विकास (उम्र लगभग 24 वर्ष) की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि जिम में दिया गया प्रोटीन पाउडर पीने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी।
जानकारी के मुताबिक, विकास पिछले कुछ महीनों से तालग्राम कस्बे में स्थित एक जिम में नियमित रूप से वर्कआउट करने जा रहा था। बॉडी बनाने के जुनून में वह ट्रेनर की सलाह पर प्रोटीन पाउडर लेने लगा था। करीब 15 दिन पहले उसने जिम में ही एक पाउडर पीया, जिसके तुरंत बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।
घरवालों ने पहले तो मामूली गैस या एलर्जी समझकर स्थानीय डॉक्टर को दिखाया, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती गई। जब हालत गंभीर हुई तो परिजनों ने उसे कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां लगभग 15 दिन तक इलाज चलने के बाद युवक ने आखिरकार दम तोड़ दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चचेरे भाई सत्यप्रकाश ने बताया कि विकास पूरी तरह स्वस्थ था और केवल फिटनेस को लेकर जिम जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम संचालक ने उसे कोई नकली या एक्सपायर प्रोटीन सप्लीमेंट दिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ी।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने जिम संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस ने जिम को सील कर दिया है और आरोपी संचालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
तालग्राम थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पूरी पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मौके से मिले प्रोटीन पाउडर के सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस यह भी खंगाल रही है कि जिम में दिए जा रहे सप्लीमेंट्स कानूनी रूप से रजिस्टर्ड ब्रांड के हैं या बाजार में अवैध रूप से बिक रहे उत्पादों में से एक हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिम में बिना प्रशिक्षित ट्रेनर और बिना डॉक्टर की सलाह के पाउडर दिए जा रहे थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इस तरह के सप्लीमेंट्स की सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं।
“प्रारंभिक जांच में यह मामला संदिग्ध पाया गया है। जिम में मिले प्रोटीन पाउडर के सैंपल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की तलाश जारी है।”
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal