Sunday , February 1 2026

कन्नौज में बेटे की प्रताड़ना से परेशान बुजुर्ग दंपत्ति ने डीएम से मांगी इच्छा मृत्यु

जिस बेटे के जन्म के लिए माता-पिता ने मंदिर-मस्जिद में मन्नतें मांगीं, वही बेटा आज उनके बुढ़ापे की लाठी बनने के बजाय उनकी जान का दुश्मन बन बैठा। कन्नौज जिले के हसेरन क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां बेटे की प्रताड़ना से परेशान बुजुर्ग दंपत्ति हाथों में इच्छा मृत्यु का पोस्टर लेकर डीएम के दरबार में न्याय की गुहार लगाने पहुंचा।

पूरा मामला कन्नौज जिले के हसेरन क्षेत्र स्थित ग्राम भूड़पूर्वा का है। गांव निवासी करीब 80 वर्षीय बुजुर्ग बाबूराम अपनी पत्नी के साथ डीएम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने हाथ में इच्छा मृत्यु का पोस्टर लेकर रो-रोकर अपनी पीड़ा सुनाई। चलने-फिरने में असमर्थ बुजुर्ग दंपत्ति ने बताया कि जिस बेटे को उन्होंने कर्ज लेकर पढ़ाया-लिखाया और अच्छी नौकरी दिलवाई, वही बेटा आज प्रॉपर्टी के लालच में उनका उत्पीड़न कर रहा है।
बुजुर्ग बाबूराम ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा अनिल, दूसरा शिवानंद और सबसे छोटा बेटा देवेंद्र, जो सिद्धार्थनगर जिले में लेखपाल के पद पर तैनात है। आरोप है कि छोटा बेटा दबंगई दिखाते हुए उनकी 30 बीघा से अधिक जमीन पर कब्जा करना चाहता है और आए दिन मारपीट व धमकी देता है, जिससे उनका जीना दूभर हो गया है।
पीड़ित दंपत्ति का कहना है कि बेटे की प्रताड़ना से तंग आकर वे अब इच्छा मृत्यु की मांग करने को मजबूर हो गए हैं। मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बुजुर्ग दंपत्ति से मुलाकात की और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
यह मामला न सिर्फ मानवीय रिश्तों पर सवाल खड़े करता है, बल्कि बुजुर्गों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर समाज को सोचने पर मजबूर भी करता है।

Check Also

Border 2 Storm : सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तूफान, नौवें दिन भी कायम धमाकेदार रफ्तार”

मुंबई। सनी देओल एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा कायम करने में सफल …