Friday , March 20 2026

Kannauj Hospital Viral Video – कन्नौज 100 शैय्या अस्पताल में बाहरी व्यक्ति से ऑपरेशन, FIR दर्ज

कन्नौज जिले से 100 शैय्या अस्पताल से जुड़ा एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मीडिया में खबर सामने आने और ऑपरेशन थिएटर का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवक धीरज सचान के खिलाफ अब एफआईआर दर्ज कर ली गई है

दरअसल, कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर 100 शैय्या अस्पताल का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें ऑपरेशन के दौरान एक बाहरी व्यक्ति मरीज पर सर्जिकल प्रक्रिया करता हुआ नजर आ रहा था। यह वीडियो अस्पताल की एक स्टाफ नर्स द्वारा बनाया गया था। बताया जा रहा है कि नर्स ने यह वीडियो ड्यूटी हटाने और बाहरी व्यक्ति द्वारा ऑपरेशन किए जाने को लेकर सबूत के तौर पर रिकॉर्ड किया था।

वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। जिला प्रशासन तक जब यह मामला पहुंचा तो जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया। टीम को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए थे।

जांच में सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रहा युवक धीरज सचान किसी भी तरह से मेडिकल स्टाफ का अधिकृत सदस्य नहीं है। आरोपी युवक एक डॉक्टर की गाड़ी का चालक बताया जा रहा है। इसके बावजूद ऑपरेशन थिएटर में उसकी मौजूदगी और सर्जरी जैसी गंभीर प्रक्रिया में उसकी भागीदारी ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अब आरोपी धीरज सचान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस लापरवाही में और कौन-कौन जिम्मेदार हैं।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि ऑपरेशन थिएटर जैसी संवेदनशील जगह पर बाहरी व्यक्ति की एंट्री कैसे हुई, और क्या इसके पीछे किसी बड़े स्तर की मिलीभगत है।

फिलहाल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, और मरीजों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

awareness against child marriage-औरैया में प्रशासन की कार्रवाई, नाबालिग लड़का-लड़की की शादी रुकवाई

उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां प्रशासन की …