आईआईटी कानपुर के बायोलॉजिकल इंजीनियरिंग छात्र ने दी जान, हॉस्टल कमरे में फंदे से लटका मिला शव
कानपुर नगर से बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी आईआईटी कानपुर में पढ़ रहे बायोलॉजिकल इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के छात्र ने आत्महत्या कर ली। छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आईआईटी प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
मृतक छात्र की पहचान राजस्थान के अजमेर जिले के अवधपुरी निवासी 26 वर्षीय जय सिंह मीणा के रूप में हुई है। जय सिंह मीणा, आईआईटी कानपुर में बायोलॉजिकल इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के छात्र थे और संस्थान के हॉस्टल नंबर दो के कमरा नंबर 148 में रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह से ही जय सिंह के परिजन लगातार उन्हें फोन कर रहे थे, लेकिन फोन रिसीव नहीं हो रहा था। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने जय सिंह के एक मित्र से संपर्क किया, लेकिन वह छुट्टी पर था। इसके बाद उसी मित्र ने अन्य छात्रों को मामले की जानकारी दी।
जब अन्य छात्र हॉस्टल पहुंचे और कमरे के बाहर जाकर दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक गहराने पर छात्रों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा, जहां जय सिंह मीणा का शव एक पाइप के सहारे चादर के कपड़े से बने फंदे में लटका हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही छात्रों के होश उड़ गए और तत्काल आईआईटी प्रशासन को सूचना दी गई।
आईआईटी प्रशासन की सूचना पर कल्याणपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे को सील कर गहन जांच-पड़ताल की। पुलिस को छात्र की नोटबुक के एक पन्ने पर “Sorry Everyone” लिखा हुआ मिला है, जिसे साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि छात्र के स्वजन के कानपुर पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बताया जा रहा है कि छात्र के परिजन मंगलवार को कानपुर पहुंचेंगे।
आशुतोष कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त, कल्याणपुर
“हमें सूचना मिली थी कि आईआईटी हॉस्टल के एक कमरे में छात्र का शव लटका हुआ है। मौके पर पहुंचकर जांच की गई है। शव करीब 12 घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।”
इस घटना के बाद आईआईटी परिसर में शोक और सन्नाटे का माहौल है। छात्र और शिक्षक वर्ग इस घटना से बेहद आहत हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal