Thursday , March 19 2026

IG Kiran S Visit-उन्नाव पहुंचे आईजी किरण एस, पुलिस व्यवस्था की समीक्षा, ‘जीवन वाहिनी’ को दिखाई हरी झंडी

ख़बर उन्नाव से है, जहां लखनऊ रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आईजी किरण एस. बुधवार को जनपद उन्नाव पहुंचे। दौरे के दौरान उन्होंने पुलिस व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस. के उन्नाव आगमन पर पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बैरक, मेस, शस्त्रागार, कार्यालयों और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया गया।

आईजी किरण एस. ने पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली, अनुशासन और साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पुलिस लाइन किसी भी जनपद की रीढ़ होती है, इसलिए यहां की व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिसकर्मियों की समस्याओं का समय रहते समाधान किया जाए, ताकि वे बेहतर ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।

इस दौरान आईजी ने 10 अपाचे मोटरसाइकिलों के विशेष दस्ते ‘जीवन वाहिनी’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दस्ता जिले में त्वरित पुलिस सहायता, आपात स्थितियों में तत्काल पहुंच और अपराध नियंत्रण में अहम भूमिका निभाएगा। आईजी ने कहा कि आधुनिक संसाधनों के माध्यम से पुलिस को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, जिससे आम जनता को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।

आईजी किरण एस. ने पुलिस लाइन स्थित ‘नन्हे फरिश्ते केंद्र’ का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत की, उनके हालचाल जाने और उन्हें चॉकलेट व टॉफियां वितरित कीं। आईजी ने केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र महिला और बच्चों से जुड़े मामलों में पुलिस के मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाता है।

इसके पश्चात आईजी ने जिले में महिला संबंधी अपराधों की गहन समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पीड़िताओं को संवेदनशीलता के साथ न्याय दिलाया जाए।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …