हरदोई जनपद के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अमिरता गांव में हुई महिला की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में हत्यारोपी को आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात बीते दो दिन पहले 12 फरवरी को सामने आई थी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के अमिरता गांव में 12 फरवरी को गांव की ही रहने वाली करीब 45 वर्षीय महिला श्री देवी का शव गांव के बाहर गेहूं के खेत में संदिग्ध हालत में पड़ा मिला था। खेत में महिला का शव मिलने की सूचना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से एक फावड़ा बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इसके बाद मृतका के परिजनों की तहरीर पर शाहाबाद कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया और मामले के खुलासे के लिए कई टीमों का गठन किया गया।
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि हत्या के पीछे अवैध प्रेम संबंध और ब्लैकमेलिंग का मामला जुड़ा हुआ है। कड़ी पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्यारोपी राम निवास पुत्र सुखलाल, निवासी ग्राम अमिरता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने आलाकत्ल फावड़ा भी बरामद कर लिया है।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसके एक अन्य महिला से प्रेम संबंध हो गए थे। मृतक महिला श्री देवी ने आरोपी को दूसरी महिला के साथ देख लिया था। इसके बाद वह आरोपी को गांव और घरवालों के सामने सच्चाई बताने की धमकी देने लगी। इसी बात से आरोपी लगातार परेशान और तंग आ चुका था।
आरोपी के अनुसार, घटना वाले दिन जब महिला खेत की ओर गई थी, तो वह उसे समझाने के लिए वहां पहुंचा। लेकिन महिला द्वारा ब्लैकमेल करने की धमकी बंद न करने पर आरोपी आपा खो बैठा। गुस्से में आकर उसने पास पड़े फावड़े से महिला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही महिला की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
हत्या का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले का सफल अनावरण कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। इस खुलासे के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस की तत्परता की भी सराहना की जा रही है।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal