Thursday , March 19 2026

Road Accident News-दरियापुर मोड़ के पास सड़क हादसे में युवक की मौत, साथी गंभीर घायल

हरदोई जनपद के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत दरियापुर मोड़ के पास मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार बैजूपुर गांव निवासी राजकिशोर का 26 वर्षीय पुत्र रामू मिश्रा अपने साथी कछेलिया पुरवा निवासी अनन्तू (50) पुत्र छोटेलाल के साथ शाहाबाद भैंस खरीदने गया था। भैंस को पिकअप वाहन पर लोड कर घर भेजने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान पाली-शाहाबाद मार्ग पर मंगलवार देर शाम करीब 8:30 बजे दरियापुर मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पाली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को पाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला ने रामू मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। वहीं अनन्तू की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलते ही मृतक और घायल के परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक रामू मिश्रा विवाहित था और अपने पिता के साथ जानवर खरीदने-बेचने का कार्य करता था। उसकी अचानक हुई मौत से गांव में शोक की लहर है।

पुलिस को दुर्घटनास्थल से शराब के क्वार्टर भी बरामद हुए हैं, जिससे दुर्घटना के समय शराब सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

इस संबंध में पाली थाना प्रभारी सोमपाल गंगवार ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

awareness against child marriage-औरैया में प्रशासन की कार्रवाई, नाबालिग लड़का-लड़की की शादी रुकवाई

उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां प्रशासन की …