Infrastructure Development-9 साल से अधूरा हमीरपुर बाईपास, निरीक्षण के बाद तेज हुई हलचल

हमीरपुर शहर में पिछले नौ वर्षों से बन रहा बाईपास अब भी पूरा नहीं हो सका है, जिसके चलते शहरवासियों को रोजाना जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। बढ़ते ट्रैफिक दबाव और विधानसभा में उठे सवालों के बाद बाईपास निर्माण को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। सदर विधायक मनोज प्रजापति ने आज निर्माणाधीन बाईपास का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। विधायक ने स्पष्ट कहा कि कम से कम बाईपास की एक लेन को जल्द शुरू किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में देरी को लेकर अधिकारियों के बीच जिम्मेदारी तय करने को लेकर चर्चा भी होती रही। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर नौ साल से चल रही यह परियोजना कब पूरी होगी और शहर को जाम से कब निजात मिलेगी।
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में निर्माणाधीन बाईपास परियोजना लंबे समय से अधूरी पड़ी है। करीब 9 साल पहले शुरू हुआ यह निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया है, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण शहर के मुख्य मार्गों पर रोजाना लंबा जाम लगना आम बात हो गई है। इसी समस्या को देखते हुए और विधानसभा में मुद्दा उठने के बाद सदर विधायक मनोज प्रजापति आज अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने यमुना और बेतवा नदी पर बन रहे पुलों की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए निर्माण एजेंसियों को तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि जब तक पूरा बाईपास तैयार नहीं हो जाता, तब तक कम से कम एक लेन को चालू कर जनता को जाम से राहत दी जाए।
अगर निर्माण की वर्तमान स्थिति की बात करें तो बेतवा नदी पर बन रहा एक पुल लगभग तैयार बताया जा रहा है, जबकि यमुना और बेतवा नदी पर प्रस्तावित अन्य तीन पुलों में अभी पिलर बेस यानी कोठियों का निर्माण कार्य ही चल रहा है। निरीक्षण के दौरान यह भी देखने को मिला कि निर्माण में देरी को लेकर अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आए।
शासन स्तर से भी परियोजना को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन जमीनी हकीकत अब भी धीमी प्रगति की ओर इशारा कर रही है। ऐसे में शहरवासियों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि आखिर यह बहुप्रतीक्षित बाईपास कब तक पूरा होगा और लोगों को वर्षों पुराने जाम से कब राहत मिल पाएगी।
मनोज प्रजापति, सदर विधायक — “बाईपास निर्माण कार्य में तेजी लाने और जल्द से जल्द एक लेन चालू कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं, ताकि जनता को राहत मिल सके।”




