Sunday , February 1 2026

गाजीपुर: शीतलहर का कहर, 188 जगहों पर जल रहे अलाव, सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने बांटे कंबल, राहुल गांधी पर साधा निशाना

गाजीपुर में कड़ाके की ठंड और शीतलहर ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। ठंड से बचाव के लिए जिला प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधि भी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। जिले में राहत कार्य तेज कर दिए गए हैं। 188 स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं, जबकि रेलवे स्टेशन सहित कुल 17 रैन बसेरे संचालित किए जा रहे हैं, ताकि जरूरतमंदों को ठंड से राहत मिल सके।

शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक 188 स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं। वहीं यात्रियों और बेसहारा लोगों के लिए रेलवे स्टेशन पर अस्थायी अत्याधुनिक रैन बसेरे सहित कुल 17 रैन बसेरे संचालित किए जा रहे हैं। इन रैन बसेरों में ठहरने, गर्माहट और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

इसी क्रम में जिला पंचायत सभागार में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत द्वारा 100 गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर महिलाओं के चेहरों पर राहत और संतोष साफ दिखाई दिया। कार्यक्रम में सदर एसडीएम रविश गुप्ता और तहसीलदार राजीव यादव भी मौजूद रहे।

राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने बताया कि अब तक जिले में करीब 1300 जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए जा चुके हैं और ठंड को देखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि देश और प्रदेश की सरकार गरीबों और जरूरतमंदों के लिए पूरी तरह समर्पित है। भीषण ठंड में किसी को भी परेशानी न हो, इसके लिए अलाव, रैन बसेरे और कंबल वितरण की व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश से कोई सरोकार नहीं है, इसलिए जनता ने भी उनसे नाता तोड़ लिया है। विदेश जाकर देश के खिलाफ बयान देना राष्ट्रहित के विरुद्ध है।

उन्होंने कहा कि अगर कोई भारत का नागरिक है, तो उसे विदेशों में देश की उपलब्धियों को गर्व से प्रस्तुत करना चाहिए, न कि देश का अपमान करना चाहिए।

कांग्रेस की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए सांसद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब समाप्ति की कगार पर पहुंच चुकी है और उसकी लीडरशिप पूरी तरह विफल हो गई है। वहीं आरएसएस को लेकर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सेवा और राष्ट्रभाव से जुड़ा संगठन है, जो समाज और देश के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि मुद्दों के अभाव में विपक्ष बौखलाहट में बयानबाजी कर रहा है।

“भीषण ठंड को देखते हुए सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। अब तक 1300 से अधिक जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए जा चुके हैं और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। अलाव और रैन बसेरों की व्यवस्था लगातार की जा रही है। वहीं जो लोग विदेश जाकर देश का अपमान करते हैं, जनता उन्हें कभी स्वीकार नहीं करेगी।”

गाजीपुर में शीतलहर के बीच प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से राहत कार्य तेज़ी से चल रहे हैं। एक ओर जरूरतमंदों को ठंड से राहत देने के प्रयास हो रहे हैं, तो दूसरी ओर सियासी बयानबाजी भी तेज होती नजर आ रही है। फिलहाल जिले की प्राथमिकता ठंड से लोगों को सुरक्षित रखना है।

Check Also

Anganwadi Recruitment-बलरामपुर में आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला, रिश्वत लेते तीन आरोपी गिरफ्तार

जनपद बलरामपुर में आंगनबाड़ी चयन प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने का गंभीर …