Thursday , March 19 2026

fog road safety alert- घने कोहरे में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम–एसपी ने किया हाईवे निरीक्षण

– घने कोहरे में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिले में घने कोहरे और कम दृश्यता को देखते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग एनएचएआई-27 का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बीते कुछ दिनों से जिले में लगातार घना कोहरा छाया हुआ है, जिसके चलते सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई है। ऐसे में दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के तहत जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने शनिवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग एनएचएआई-27 का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हाईवे पर लगे संकेतक बोर्ड, रिफ्लेक्टर, डिवाइडर लाइट्स और चेतावनी संकेतों की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों, अवैध पार्किंग और खराब पड़े वाहनों को लेकर भी संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएम और एसपी ने मौके पर मौजूद एनएचएआई और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोहरे के दौरान हाईवे पर गश्त बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और बिना लाइट के वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

निरीक्षण के दौरान यात्रियों और वाहन चालकों से भी संवाद किया गया और उन्हें कोहरे में सुरक्षित ड्राइविंग के नियमों की जानकारी दी गई। प्रशासन की ओर से वाहन चालकों को कम गति से वाहन चलाने, फॉग लाइट और इंडिकेटर का सही उपयोग करने तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि घने कोहरे के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस और प्रशासन का संयुक्त प्रयास है कि कोहरे के चलते होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

प्रशासन की इस पहल से आम लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। फिलहाल जिले में घने कोहरे को देखते हुए हाईवे और प्रमुख सड़कों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में काम कर रहा है।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …