Tuesday , February 3 2026

Theft in Kanpur Dehat-डेरापुर क्षेत्र में चोरों का आतंक, एक ही रात चार घर बने निशाना, लाखों की चोरी से दहशत

कानपुर देहात।
डेरापुर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बीती रात कपासी खुर्द और मुर्रा गांव में चोरों ने एक के बाद एक चार घरों को निशाना बनाकर इलाके में सनसनी फैला दी। इस दौरान दो घरों से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली गई, जबकि दो अन्य घरों में चोरी का प्रयास नाकाम रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कपासी खुर्द गांव में एक घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने 4 से 5 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 22 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय परिवार के लोग घर में सो रहे थे और उन्हें सुबह चोरी की जानकारी हुई।

वहीं दूसरी घटना मुर्रा गांव की है, जहां चोरों ने एक अन्य घर से लाखों रुपये के जेवरात और करीब 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरों ने इतनी सफाई से वारदात को अंजाम दिया कि घरवालों को भनक तक नहीं लगी।

इसके अलावा दोनों गांवों में दो अन्य घरों में भी चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन किसी कारणवश चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। सुबह जब ग्रामीणों को इन घटनाओं की जानकारी हुई तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही डेरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थलों का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित परिवारों से जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और चोरी की घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।

फिलहाल इन वारदातों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और ग्रामीण पुलिस से जल्द कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Check Also

Sunlight Controls Diabetes : धूप से डायबिटीज पर लगाम: सूरज की रोशनी बनी सेहत की नैचुरल दवा

नई दिल्ली।डायबिटीज आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई बीमारियों में से एक है। …