Sunday , February 1 2026

देवरिया में ‘रील्स बाज’ सिपाही चर्चा में, वर्दी में रील बनाते कृष्णा गौड़ पर उठे सवाल

देवरिया से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां वर्दी की मर्यादा को ताक पर रखकर एक सिपाही सोशल मीडिया पर रील्स बनाता नजर आ रहा है। यह सिपाही कोई और नहीं बल्कि देवरिया जनपद की सदर कोतवाली में तैनात कृष्णा गौड़ है, जिनकी रील्स इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन रील्स में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि सिपाही कृष्णा गौड़ पुलिस की वर्दी में अलग-अलग अंदाज़ में रील्स बना रहे हैं। कहीं वे संवाद अदायगी करते नजर आते हैं तो कहीं स्टाइलिश अंदाज़ में कैमरे के सामने पोज़ देते दिखाई देते हैं। इन रील्स को लाखों लोग देख चुके हैं और बड़ी संख्या में लोग उनकी तारीफ भी कर रहे हैं।

हालांकि, इन रील्स ने पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन और जिम्मेदारी को लेकर एक बड़ी बहस को जन्म दे दिया है। सवाल यह उठता है कि क्या एक सिपाही को अपनी ड्यूटी के दौरान इस तरह सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना चाहिए? क्या वर्दी पहनकर रील्स बनाना पुलिस सेवा की गरिमा के अनुरूप है?

विशेषज्ञों और पूर्व पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस की वर्दी एक जिम्मेदारी और अनुशासन का प्रतीक होती है। ऐसे में वर्दी में रील्स बनाना विभागीय नियमों का उल्लंघन माना जा सकता है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि सिपाही कृष्णा गौड़ को किसी तरह का भय या कार्रवाई का डर नहीं है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस पूरे मामले में देवरिया के पुलिस अधीक्षक कोई सख्त कदम उठाएंगे या फिर यह मामला भी सिर्फ सोशल मीडिया की चर्चा तक ही सीमित रह जाएगा। फिलहाल, कृष्णा गौड़ की रील्स लगातार वायरल हो रही हैं और पुलिस विभाग की छवि पर सवाल खड़े कर रही हैं।

अब देखना यह होगा कि देवरिया पुलिस प्रशासन इस पूरे मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या वर्दी की गरिमा बनाए रखने के लिए कोई कार्रवाई की जाती है या नहीं।

Check Also

Border 2 Storm : सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तूफान, नौवें दिन भी कायम धमाकेदार रफ्तार”

मुंबई। सनी देओल एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा कायम करने में सफल …