बदायूं में एक बार फिर बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए हैं। दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए उससे नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने थाने पहुंचकर मामले की तहरीर दी है और कार्रवाई की मांग की है।
पूरा मामला बदायूं जनपद के मुजरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आरके पब्लिक स्कूल के पास का है, जहां दिनदहाड़े अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने एक युवक को रोक लिया और उससे लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने युवक के पास से मोबाइल फोन और करीब 3200 रुपये की नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित युवक ने हिम्मत जुटाकर सीधे मुजरिया थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और तहरीर सौंपकर बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से क्षेत्र के लोगों में भय और दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह वारदात हुई, वहां आमतौर पर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद बदमाशों ने बेखौफ होकर लूट की घटना को अंजाम दिया, जिससे पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal