कन्नौज के छिबरामऊ क्षेत्र के हरकरनपुर गांव में ‘हर घर जल जीवन मिशन’ के तहत बिछाई गई पाइपलाइन ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। पाइपलाइन में जगह-जगह लीकेज होने से नाराज़ ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की भारी बर्बादी हो रही है, साथ ही सड़कों पर पानी भरने से आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
मामला छिबरामऊ क्षेत्र के हरकरनपुर गांव का है, जहां जल जीवन मिशन के अंतर्गत बिछाई गई पाइपलाइन में कई स्थानों पर लीकेज हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार गांव के मुख्य रास्ते से होकर गुजर रही पाइपलाइन में करीब 14 से 15 जगहों पर पानी का रिसाव हो रहा है। लगातार हो रहे लीकेज के कारण साफ पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे रास्ते कीचड़युक्त हो गए हैं और ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान रामसेवक पाल से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। यही नहीं, जल निगम के कर्मचारियों को भी इस बारे में अवगत कराया गया, परंतु उनकी ओर से भी समस्या के समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया।
जानकारी के अनुसार जल जीवन मिशन के तहत ग्राम सभा डालूपुर में 262.64 लाख रुपये की लागत से एक पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था। इस परियोजना का कार्य 17 फरवरी 2023 को शुरू हुआ और 16 अगस्त 2024 को पूरा किया गया। इस टंकी से डालूपुर, सुल्तानपुर और हरकरनपुर गांवों में जलापूर्ति की जा रही है। लेकिन हरकरनपुर गांव में पाइपलाइन की गुणवत्ता और रखरखाव पर सवाल खड़े हो गए हैं।
हरकरनपुर निवासी रत्नेश कुमार ने बताया कि उनके गांव में लगभग एक साल पहले पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन तभी से कई स्थानों पर लीकेज की समस्या बनी हुई है। इसके चलते रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। उन्होंने भी कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
वहीं इस मामले में ग्राम सचिव शिवम कुमार ने बताया कि उन्हें पाइपलाइन में लीकेज की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल निगम से बातचीत कर जल्द से जल्द लीकेज की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
फिलहाल ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही लीकेज की मरम्मत नहीं कराई गई, तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal