ब्रेकिंग | बुलंदशहर
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जनहित को ध्यान में रखते हुए 22 फरवरी को बुलंदशहर जनपद में एक मेगा विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेष रूप से पात्र लाभार्थियों को राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
इस मेगा कैंप के माध्यम से कुल 44 विभागों से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहेंगे, जो अलग-अलग योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण और लाभ प्रदान करने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। शिविर में सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, श्रम, महिला एवं बाल विकास, दिव्यांग कल्याण, आवास, रोजगार सहित कई महत्वपूर्ण विभाग शामिल रहेंगे।
अधिकारियों द्वारा बताया गया कि शिविर से पहले प्री-कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से लाभार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा, ताकि मुख्य शिविर के दिन लाभ वितरण की प्रक्रिया सुचारु और पारदर्शी तरीके से पूरी की जा सके। इससे लोगों को अनावश्यक भटकाव से भी राहत मिलेगी।
अपर सिविल जज एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनुपम सिंह द्वितीय ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सभी पात्र लाभार्थियों को केंद्र सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने आम जनता से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में लोग इस मेगा शिविर में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीकरण कराकर लाभ उठाएं।
प्रशासन को उम्मीद है कि इस मेगा कैंप के आयोजन से जनपद के हजारों जरूरतमंद नागरिकों को एक ही मंच पर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा और शासन की मंशा के अनुरूप न्याय और कल्याण को घर-घर तक पहुंचाने में यह शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal