Thursday , March 19 2026

बुलंदशहर में बड़ी कार्रवाई: गैंगस्टर–हिस्ट्रीशीटर साजिद उर्फ ‘चूमड़ा’ की 42 लाख की संपत्ति कुर्क

रिपोर्टर : दीपक पंडित
जनपद : बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश

बुलंदशहर जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस और प्रशासन ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के आदेश पर गैंगस्टर और कुख्यात हिस्ट्रीशीटर साजिद उर्फ चूमड़ा की करीब 42 लाख रुपये की अवैध संपत्ति को प्रशासन ने कुर्क कर लिया। यह कार्रवाई CO सिकंदराबाद भास्कर मिश्रा और तहसीलदार गुलावठी के नेतृत्व में की गई, जिसमें गुलावठी थाना पुलिस भी शामिल रही।

लूट और चोरी से खड़ी की थी लाखों की संपत्ति

पुलिस के अनुसार साजिद उर्फ चूमड़ा लंबे समय से लूट, चोरी और संगठित अपराधों को अंजाम देता आ रहा था। इन अपराधों से उसने अवैध रूप से करोड़ों की कमाई की, जिसमें से 42 लाख की संपत्ति का विवरण प्रशासन को मिला।

इस संपत्ति में भमरा गांव स्थित उसका पक्का मकान शामिल है, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया के तहत कुर्क कर दिया।

51 से अधिक मुकदमे दर्ज — इलाके में फैलाया था आतंक

हिस्ट्रीशीटर साजिद के खिलाफ थाना गुलावठी, कोतवाली देहात और अन्य थानों में कुल 51 मुकदमे दर्ज हैं।
उसपर लूट, नकबजनी, डकैती की तैयारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर आरोप हैं। पुलिस का कहना है कि पिछले कई वर्षों से वह इलाके में अपराध की पूरी श्रृंखला चलाता था और नए युवकों को अपने गैंग में शामिल करके वारदातों को अंजाम देता था।

घर सीज होते ही गांव में जमा हुई भीड़

जब पुलिस और प्रशासनिक टीम भमरा गांव पहुंची तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। टीम ने घर के बाहर कुर्की नोटिस चिपकाया और ताला लगाकर संपत्ति प्रशासनिक कब्जे में ले ली।

CO सिकंदराबाद ने दी जानकारी

CO सिकंदराबाद भास्कर मिश्रा ने बताया—
“साजिद उर्फ चूमड़ा पेशेवर अपराधी है। उसके खिलाफ 51 मुकदमे दर्ज हैं। लूट और चोरी की घटनाओं से अर्जित अवैध संपत्ति को जिलाधिकारी के आदेश पर आज कुर्क किया गया है। आगे भी अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।”

पुलिस ने गैंग की संपत्ति खंगालना शुरू किया

सूत्रों का कहना है कि साजिद के गैंग से जुड़े अन्य लोगों की भी संपत्तियों की जांच की जा रही है। पुलिस ने बैंक खातों, प्लॉट, मकान और संदिग्ध निवेशों का विवरण इकट्ठा करना शुरू कर दिया है। आने वाले दिनों में और भी कार्रवाई की संभावना है।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …