Friday , March 20 2026

Police Encounter Success : बुलंदशहर में मुठभेड़ के दौरान ₹50 हजार का इनामी बदमाश ज़ुबैर ढेर

रिपोर्टर – दीपक पंडित
स्थान – बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश

बुलंदशहर में देर रात पुलिस और कुख्यात बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में ₹50 हजार का इनामी अपराधी ज़ुबैर उर्फ पीटर ढेर हो गया। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में एक पुलिस सिपाही भी घायल हो गया। जबकि मुठभेड़ के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर उसका एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस की टीम द्वारा इलाके में सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी है।

जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर देहात थाना क्षेत्र की पुलिस रात में गश्त कर रही थी, तभी उन्हें संदिग्ध बाइक सवार दो व्यक्तियों के देखे जाने की सूचना मिली। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने अचानक पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए गोलियां चलाईं।

करीब 15 से 20 मिनट चली इस मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर जाकर उसकी पहचान मेरठ निवासी ज़ुबैर उर्फ पीटर के रूप में की, जिस पर पहले से ही ₹50 हजार का इनाम घोषित था। घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस को मौके से एक पिस्टल, कई ज़िंदा और खोखा कारतूस, तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बरामद बाइक भी चोरी की थी।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मारा गया बदमाश ज़ुबैर उर्फ पीटर एक कुख्यात अपराधी था, जिसके खिलाफ लूट, डकैती, चोरी, और गैंगस्टर एक्ट सहित 47 से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह मेरठ का रहने वाला था और लंबे समय से पुलिस की नजरों में फरार चल रहा था।

ज़ुबैर, बुलंदशहर देहात थाना क्षेत्र की एक लूट की वारदात में भी वांछित था। बताया जा रहा है कि वह अपने साथी के साथ दोबारा किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में आया था।

मुठभेड़ की सूचना आर-टी सैट पर फ्लैश होते ही गुलावठी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने मिलकर मोर्चा संभाला और संयुक्त एक्शन के दौरान इनामी बदमाश को ढेर करने में सफलता पाई।

बुलंदशहर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार साथी की तलाश के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इलाके में पुलिस की अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं ताकि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति बच न सके।

एसएसपी बुलंदशहर ने मीडिया को बताया —

“मारा गया बदमाश ज़ुबैर उर्फ पीटर, मेरठ का निवासी था और उस पर ₹50 हजार का इनाम घोषित था। यह पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी है। फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

उन्होंने बताया कि घायल सिपाही को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस ने मृत बदमाश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है ताकि उसके गैंग के बाकी सदस्यों पर भी जल्द कार्रवाई की जा सके।

एसपी सिटी और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं।


बुलंदशहर पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर अपराधियों को सख्त संदेश दिया है कि अपराध करने वाले किसी भी कीमत पर कानून के शिकंजे से नहीं बच सकते।

Check Also

awareness against child marriage-औरैया में प्रशासन की कार्रवाई, नाबालिग लड़का-लड़की की शादी रुकवाई

उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां प्रशासन की …