Saturday , January 31 2026

Budaun Police Encounter : बदायूँ में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार

बदायूँ जिले के थाना मुजरिया क्षेत्र में शुक्रवार की रात पुलिस और अपराधियों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ हुई।

यह मुठभेड़ बितरोई रोड–बगुला नंगला मार्ग पर हुई, जहां पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इस मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरा आरोपी मौके पर ही आत्मसमर्पण कर दिया।

थाना मुजरिया पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक ज्योति सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र में देर रात नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस टीम को देखकर भागने लगे। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो अभियुक्तों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक गोली मुख्य अभियुक्त धूम सिंह के पैर में जा लगी।

गोली लगने से घायल धूम सिंह को पुलिस ने तुरंत पकड़ लिया, जबकि उसका साथी आकाश कुछ दूरी तक भागा और फिर पुलिस के दबाव में आकर मौके पर ही आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस ने मौके से दो तमंचे (315 बोर), दो जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं। दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घायल आरोपी धूम सिंह को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सहसवान में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी थाना मुजरिया क्षेत्र में हुई एक हत्या के मामले में वांछित थे। इन पर पहले से ही गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था और पुलिस कई दिनों से इनकी तलाश कर रही थी। मुठभेड़ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

प्रभारी निरीक्षक ज्योति सिंह ने बताया कि —

“पुलिस चेकिंग के दौरान दोनों अभियुक्तों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी को गोली लगी है। दोनों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”

हाल के दिनों में बदायूँ पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चला रखा है। लगातार हो रही चेकिंग और गश्त के चलते अपराधियों में भय का माहौल है। इस मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

Check Also

School Van Accident-लखीमपुर खीरी में बड़ा हादसा, ओवरलोड गन्ना ट्रक स्कूल वैन पर पलटा

जनपद लखीमपुर खीरी में परिवहन विभाग की लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है, …