बदायूं जनपद के आलापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सुंदर नगर दारानगर गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मोनू पुत्र रामपाल सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हत्या की वजह परिवार के भीतर चल रहा पुराना जमीनी विवाद है, जो कई दिनों से तूल पकड़ता जा रहा था।

मृतक के पिता रामपाल सिंह ने बताया कि उनके ही परिवार के कुछ सदस्यों के साथ जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हीं लोगों ने शुक्रवार की सुबह उनके पुत्र मोनू को रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही आलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि “पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
गांव में घटना के बाद भारी तनाव का माहौल है। पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि मृतक परिवार को न्याय मिल सके।
मृतक के पिता का कहना है कि उनका बेटा मेहनती और शांत स्वभाव का था, लेकिन परिवार के ही लालच ने उसकी जान ले ली।
वाइट: मृतक के पिता रामपाल सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा –
“मेरे बेटे का कसूर सिर्फ इतना था कि वह अपनी जमीन का हक मांग रहा था। परिवार के ही लोगों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। हमें न्याय चाहिए, नहीं तो हम तब तक चैन से नहीं बैठेंगे।”
फिलहाल पुलिस ने पूरे गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं और मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal