बदायूं जिले के बिसौली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब आधी रात के करीब एक बड़े मॉल में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मॉल को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयंकर थी कि दूर-दूर तक लपटें और धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और कई घंटों तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। इस हादसे में करोड़ों रुपये के सामान के जलकर नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बिसौली क्षेत्र में स्थित सत्य साधना ट्रेडर्स मॉल में देर रात अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में मॉल के अंदर रखा भारी मात्रा में सामान आग की लपटों में घिर गया। मॉल में कपड़े, फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन और अन्य घरेलू सामान बड़ी मात्रा में रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आने से जलकर खाक होने की आशंका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात के समय अचानक मॉल से धुआं निकलता देखा गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गईं।
फायर ब्रिगेड कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग इतनी भीषण थी कि कई घंटे तक लगातार पानी की बौछारें करनी पड़ीं। आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि मॉल के मालिक संजय गर्ग को इस आगजनी की घटना से भारी आर्थिक नुकसान होने की संभावना है। मॉल में रखा लाखों नहीं बल्कि करोड़ों रुपये का सामान जलकर नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं।
फायर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग को पूरी तरह बुझाने और नुकसान का सही आंकलन करने के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। वहीं पुलिस ने भी घटना की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
फिलहाल इस भीषण आगजनी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग इस हादसे को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal