Wednesday , March 18 2026

Viral Assault Video – बिजनौर में युवक की जूतों से पिटाई का वीडियो वायरल, पुलिस कार्रवाई में जुटी

व्यक्ति की जूते से पिटाई का वीडियो वायरल, पुलिस ने लिया संज्ञान

उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर से मानवता को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए उसे जूतों और थप्पड़ों से पीटा जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि यह घटना थाना कोतवाली क्षेत्र की है, जहां वाल्मीकि समाज के एक युवक को रास्ते में रोककर कुछ दबंगों द्वारा मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने युवक के साथ न केवल शारीरिक हिंसा की, बल्कि उसे जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित भी किया।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ दबंग युवक पीड़ित को घेरकर जूतों और थप्पड़ों से बेरहमी से पीट रहे हैं, जबकि पीड़ित खुद को बचाने की कोशिश करता नजर आ रहा है। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, जिससे हमलावरों के हौसले और भी बुलंद दिखाई दिए।

वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। समाज के विभिन्न वर्गों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में मामला मारपीट और अनुसूचित जाति उत्पीड़न से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

बाइट :- संग्राम सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर, बिजनौर
“सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

फिलहाल पुलिस पीड़ित युवक से संपर्क कर बयान दर्ज करने की कोशिश कर रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …