ब्रेकिंग न्यूज़ | बदायूँ
तेज रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
लोकेशन : बदायूँ
संवाददाता : मुनेन्द्र शर्मा
बदायूँ जिले के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। लखनपुर गांव स्थित बबलू के कोलू प्लांट के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
इस भयावह हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान काबेंद्र उर्फ नन्हू (23 वर्ष) और राजेश (18 वर्ष) निवासी बारीखेड़ा उर्फ सितावनगर के रूप में हुई है। वहीं, भूपेंद्र (22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल बदायूँ भिजवाया गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने काबेंद्र उर्फ नन्हू और राजेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि भूपेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक को पकड़ लिया जाएगा।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal