अलीगढ़ में चल रही प्रसिद्ध नुमाइश के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 200-200 रुपये के नकली नोट चलाते हुए एक युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। यह घटना बन्नादेवी थाना क्षेत्र में सजी अलीगढ़ नुमाइश की बताई जा रही है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और मनोरंजन के लिए पहुंचते हैं।
जानकारी के अनुसार, नुमाइश में मौजूद दुकानदारों को एक युवक की गतिविधियों पर शक हुआ। युवक लगातार अलग-अलग दुकानों पर 200 रुपये के नोट देकर सामान खरीदने की कोशिश कर रहा था। नोटों की जांच करने पर दुकानदारों को शक हुआ कि नोट नकली हैं। इसके बाद दुकानदारों और ठेकेदार ने सतर्कता दिखाते हुए युवक को मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर युवक के पास से एक ही सीरीज के 200 रुपये के कई नकली नोट बरामद किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए नुमाइश के दुकानदार और ठेकेदार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में युवक की पहचान कासिम, निवासी नोएडा के रूप में हुई है। वहीं, युवक ने पूछताछ के दौरान यह भी संकेत दिए हैं कि इस नकली नोट के नेटवर्क में उसके कुछ अन्य साथी भी शामिल हो सकते हैं, जो मौके से फरार बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बन्नादेवी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने बरामद नकली नोटों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार बताए जा रहे अन्य साथियों की तलाश में भी पुलिस टीमें जुट गई हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला केवल नुमाइश तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि इसके पीछे नकली नोटों का बड़ा नेटवर्क भी हो सकता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से लाए गए, कितने समय से युवक इन्हें चला रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस घटना के बाद नुमाइश में मौजूद दुकानदारों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दुकानदारों से अपील की है कि वे लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal